बीकानेर

शहर में यहाँ बनेगा कृत्रिम वाटरफॉल,रंग-बिरंगी रोशनी में दिखेगा नजारा

सड़कों पर फुलवारी, पार्क में झरना आंबेडकर सर्किल से मेजर पूर्णसिंह सर्किल तक बनेगा डिवाइडर, खिलेंगे फूल
2 min read
• •
Updated: 28 Jun 2018, 10:21 AM IST
Flowers on the streets, waterfall in the park
शहर में यहाँ बनेगा कृत्रिम वाटरफॉल,रंग-बिरंगी रोशनी में दिखेगा नजारा

पौधे लगेंगे, प्रकाश की व्यवस्था भी होगी

बीकानेर. नगर विकास न्यास ६२ लाख रुपए की लागत से पीबीएम अस्पताल के सामने डिवाइडर का निर्माण करवाएगा। आंबेडकर सर्किल से मेजर पूर्ण सिंह सर्किल तक आरसीसी से बनने वाले इस डिवाइडर पर रंग-बिरंगे पुष्प खिलेंगे, छोटे पौधे लगाए जाएंगे और प्रकाश की व्यवस्था होगी। इस डिवाइडर की लम्बाई लगभग ८०० मीटर और चौड़ाई ३ मीटर होगी। यह डिवाइडर कलात्मक डिजाइन का होने के साथ मजबूत होगा। वाहनों की सामान्य टक्कर से इसको नुकसान नहीं होगा। वहीं पशुओं से पौधों और पुष्पों को बचाने के पुख्ता इंतजाम होंगे। डिवाइडर पर बोगनवेलिया और साइकस के पौधे लगाए जाएंगे। इसके निर्माण के लिए न्यास शीघ्र टेण्डर प्रक्रिया शुरू करेगा।


हाईवे पर भी लगेंगे रंग-बिरंगे पुष्पों के पौधे

शहर के चारों राष्ट्रीय राजमार्ग शीघ्र ही रंग-बिरंगे पुष्पों से महकते नजर आएंगे। न्यास हाईवे पर बने डिवाइडरो पर १० लाख रुपए की लागत से तीन हजार
बोगनवेलिया के पौधे लगाएगा। बैंगनी, केसरिया, लाल, पीले, सफेद रंग के पुष्पों से राष्ट्रीय राजमार्ग सुन्दर नजर आएंगे। न्यास अध्यक्ष ने बताया कि इन पौधों को लगाने और एक साल तक इनके रख-रखाव का जिम्मा संबंधित फर्म का होगा। अगले माह तक इस कार्य को पूरा करने की योजना है।

शीघ्र शुरू होगा काम
न्यास की ओर से पीबीएम अस्पताल के सामने सुन्दर एवं मनोरम डिवाइडर बनवाया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय राजमार्गों के डिवाइडरों पर बोगनवेलिया के पौधे लगाए जाएंगे। रंगीन पुष्पों से हाईवे के डिवाइडरों का नजारा सुन्दर होगा। पौधों के साथ प्रकाश की उचित व्यवस्था की जाएगी। टेण्डर प्रक्रिया होने के बाद शीघ्र काम शुरू होगा।
महावीर रांका, अध्यक्ष, नगर विकास न्यास बीकानेर


पब्लिक पार्क में बनेगा कृत्रिम वाटरफॉल

लिली पोण्ड के पास होगा निर्माण,रंग-बिरंगी रोशनी में दिखेगा नजारा
बीकानेर. पब्लिक पार्क में आमजन अब कृत्रिम वाटरफॉल का आनन्द ले सकेंगे। नगर विकास न्यास लिलीपोण्ड के पास ५२ लाख रुपए की लागत से वाटरफॉल का निर्माण करवाएगा। इसमें करीब १५ फीट की ऊंचाई से कृत्रिम झरने के रूप में पानी रंग-बिरंगी रोशनियों के बीच मनोरम दृश्य उत्पन्न करेगा। वाटरफॉल के लिए लिली पोण्ड के पानी का उपयोग होगा। वाटरफॉल की ५०-५० फीट की दीवारों पर हिन्दी और अंग्रेजी भाषा में बीकानेर लिखा होगा, जो दूर से नजर आएगा।

आकर्षक होगी लाइटिंग
वाटरफॉल की दीवारें पर ऊपर-नीचे तथा दाईं-बाईं ओर रंग-बिरंगी लाइटें लगाई जाएंगी। न्यास सचिव डॉ. राष्ट्रदीप यादव ने बताया कि वाटरफॉल से लिलीपोण्ड का नजारा सुंदर नजर आएगा। वाटरफॉल के ऊंचाई से गिरने वाले पानी के साथ लाइटिंग की व्यवस्था हर किसी को आकर्षित करेगी। न्यास इसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाया जाएगा।

Published on: