
शहर में सर्दी की दस्तक के साथ ही सर्दी के मेवे गजक, पापड़ी, तिल लड्डू और तिल सकरी से बनी खाद्य सामग्री की दुकानें सज गई है। सुबह से रात तक इन दुकानों पर इन खाद्य उत्पादों की बिक्री चल रही है। सर्दी बढ़ने के साथ-साथ तिल, गुड़ और मूंगफली से बनी खाद्य सामग्री की मांग और बढ़ेगी। इस कारण कारखानों में बड़े स्तर पर इनको तैयार करने का कार्य भी चल रहा है। शहर के विभिन्न बाजारों में स्थायी दुकानों के साथ-साथ इन उत्पादों की सीजनल दुकानें भी सज गई है, जिन पर खरीदारी का क्रम चल रहा है।
इन खाद्य सामग्री की सजी दुकानें
सर्दी के मेवे के रूप में सफेद तिल में चीनी या गुड़ तथा गुड़ व चीनी की चासनी में मूंगफली मिक्स कर बनाए गए अनेक उत्पादों की दुकानें सज चुकी है। तिल, गुड़ व मूंगफली उत्पाद व्यवसाय से जुड़े रवीन्द्र जोशी के अनुसार तिल के रोल गजक, तिल की खस्ता गजक, तिल सकरी, तिल के लड्डू, तिल पापड़ी, काले तिल के लड्डू, जावत्री-जायफल युक्त गोपाल गजक, रेवड़ी, मूंगफली गोल पापड़ी, बटर स्कॉच पापड़ी, चॉकलेट फ्लेवर सुपर पापड़ी, देशी की घी में तली हुई मूंगफली की पापड़ी सहित अनेक उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हो चुके है, जिनकी खरीदारी लोग कर रहे है।
सर्दी से बचाव, स्वाद भी
सर्दी के मौसम में तिल, गुड और मूंगफली अधिक उपयोगी बताए गए है। ये स्वास्थ्य वर्धक होने के साथ-साथ आमजन को सर्दी से भी बचाव करते है। सर्दी के मौसम में शहर में तिल, गुड़ और मूंगफली से बने उत्पादों का लोग बहुतायात उपयोग करते है, इस कारण इनको बड़े स्तर पर तैयार करने के साथ इनकी मांग भी बनी रहती है। पारंपरिक स्वाद के साथ इनके स्वाद को और बढ़ाने के लिए कुछ उत्पादों में जावत्री, जायफल, इलायची, गुलाबजल, पाइनेपल, केवड़ा आदि का भी उपयोग किया जाता है, जिसको लोग पसंद करते है।
प्रदेश और देश में मांग
सर्दी के मौसम में बीकानेर में तैयार होने वाले तिल, गुड और मूंगफली के उत्पादों की प्रदेश और देश के विभिन्न स्थानों पर भी मांग रहती है। इस व्यवसाय से जुड़े पप्पू जोशी के अनुसार देश में जिन स्थानों पर प्रवासी बीकानेरी रहते है, वे विशेष रूप से इन उत्पादों को अपने यहां मंगवाते है। वहीं जिले के ग्रामीण क्षेत्रों सहित प्रदेश के कई स्थानों पर बीकानेर में बने ये उत्पाद बिक्री के लिए भेजे जाते है।
भावों में बीस फीसदी बढ़ोतरी
सर्दी के मेवों में इस बार विगत वर्ष की अपेक्षा लगभग बीस फीसदी भावों में बढ़ोतरी हुई है। व्यवसायी रवीन्द्र जोशी के अनुसार गुड़, चीनी, तिल, मूंगफली और ईंधन के दामों में इस बार बढ़ोतरी हुई है। वहीं लेबर भी बढ़ी है। इसका असर तिल, गुड और मूंगफली के उत्पादों पर पड़ा है। फसलें कमजोर होने से तिल व मूंगफली के भावों में बढ़ोतरी हुई है।
हर घर में मांग
सर्दी के मौसम में शहर में लगभग हर घर में तिल, गुड़, चीनी और मूंगफली से बनी खाद्य सामग्री की मांग बनी रहती है। लोग सर्दी से बचाव के साथ स्वाद को चखने के लिए इन खाद्य सामग्री की खरीदारी करते है। बीकानेर से बाहर रहने वाले अपने परिवारजनों, मित्रों, संबंधियों के यहां भी इनको भेजते है। शहर में मकर संक्रांति के अवसर पर दान-पुण्य की विशेष परंपरा है। इस अवसर पर मैदा, घी और चीनी चासनी से बनने वाले घेवर के साथ-साथ तिल, गुड और चीनी से बनने वाले उत्पाद रेवड़ी, तिल लड्डू, तिल पापड़ी, गजक इत्यादि का विशेष रूप से दान-पुण्य करते है। इस कारण भी शहर में इनकी बड़े स्तर पर खरीदारी होती है। तेरुण्डा परंपरा के तहत भी तिल, गुड से बने उत्पादों का दान पुण्य किया जाता है।