एक माह में तीसरी बार सड़क खोदी, राहगीर और वाहन चालक परेशान
सुजानदेसर रोड पर पानी की पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत के चलते शनिवार को एक बार फिर सड़क की खुदाई की गई। बीते करीब एक माह में यह तीसरी बार है जब इसी स्थान पर खुदाई होने से आवागमन बाधित हुआ है। शनिवार को दिनभर यातायात प्रभावित रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। तीन दिन पूर्व माघ दशमी मेले के दौरान भी पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़क पर पानी बहता रहा था। इससे मेलार्थियों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। क्षेत्रवासियों के अनुसार पिछले कई दिनों से पानी की पाइपलाइन में लीकेज के चलते सड़क पर लगातार पानी बह रहा था। इससे सड़क की हालत बिगड़ गई और जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए। शनिवार को विभागीय कर्मचारियों ने सड़क खोदकर लीकेज दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया। विभागीय सूत्रों के अनुसार पाइपलाइन मरम्मत का कार्य अगले दो से तीन दिन तक चलने की संभावना है। इस दौरान यातायात प्रभावित रहने की आशंका जताई जा रही है।
पाइपलाइन और सीवरेज लाइन आमने-सामने
स्थानीय लोगों का कहना है कि काली माता मंदिर के पास पानी की पाइपलाइन और एसटीपी को जाने वाली मुख्य सीवरेज लाइन एक-दूसरे के ऊपर से गुजर रही है। इसी कारण कभी सीवरेज लाइन में लीकेज हो जाता है तो कभी पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाती है। लगातार पानी बहने से सड़क कमजोर हो चुकी है।
प्रमुख संपर्क मार्ग, आमजन को झेलनी पड़ रही परेशानी
सुजानदेसर रोड गंगाशहर, किसमी देसर, सुजानदेसर, श्रीरामसर, मुरलीधर कॉलोनी सहित पुराने शहर की ओर जाने वालों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। बार-बार सड़क खुदाई और ट्रैफिक बाधा का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से पाइपलाइनों की स्थायी मरम्मत और बार-बार होने वाली खुदाई से निजात दिलाने की मांग की है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रह सके।