बीकानेर

अनदेखी: गौरव पथ निर्माण कार्य अरसे से अधूरा होने से झेलनी पड़ रही परेशानी

गौरव पथ निर्माण कार्य विभागीय अनदेखी से अरसे से अधूरा होने से ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2017, 12:00 PM IST
road Construction Incomplete
सड़क निर्माण अधूरा

लूणकरनसर. सरकार की ग्रामीण गौरव पथ योजना के तहतबामनवाली पंचायत मुख्यालय पर 60 लाख की लागत से बनने वाला गौरव पथ निर्माण कार्य विभागीय अनदेखी से अरसे से अधूरा होने से ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता बरतने से क्षतिग्रस्त हो रहा है। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

गौरतलब है कि बामनवाली गांव में राजमार्ग-15 से बामनवाली से उत्तमदेसर सड़क पर 60 लाख की लागत से सीसी रोड़ (गौरव पथ) निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया। सार्वजनिक निर्माण विभाग के माध्यम से श्रीगंगानगर की एजेन्सी मैसर्स रमेश कुमार बंसल द्वारा निर्माण कार्य करवाया गया लेकिन ठेकेदार द्वारा विभागीय अनदेखी से करीब 60-70 फीट तक काम अधूरा छोडऩे से गौरव पथ का राष्ट्रीय राजमार्ग-15 से निर्धारित स्वीकृति के तहत जुड़ाव नहीं हो पाया है।

ठेकेदार द्वारा सीसी रोड़ के दोनों तरफ खड़ंवजा जोडऩे का काम भी स्वीकृति में दिखाया गया है लेकिन खड़ंवजा भी आधी-अधूरी लगाई गई है तथा विभागीय अधिकारियों की अनदेखी से ग्रामीण ठेकेदार पर सरकारी राशि का खड़ंवजा के नाम पर दुरुपयोग करने का आरोप लगा रहे है। अधूरे गौरव पथ पर कीचड़ से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

निर्देश की पालना नहीं
गांव में गौरव पथ के अधूरे निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने जन सुनवाई के दौरान जिला कलक्टर अनिल गुप्ता को अगवत करवाया गया। मौके पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मदनलाल मेघवाल व सहायक अभियंता रामकुमार वर्मा ने एक सप्ताह में काम करवाने का भरोसा दिलाया था

लेकिन एक महीने से ज्यादा वक्त बीतने के बावजूद कोई प्रगति नहीं हुई है। इसके अलावा संसदीय सचिव एवं खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल को भी ग्रामीणों ने जन सुनवाई में अवगत करवाया गया। लेकिन अभी तक उनके निर्देशों की भी पालना नहीं हुई।

शीघ्र पूरा करवाएंगे
गौरव पथ का निर्माण कार्य विवाद की वजह से अधूरा छोड़ दिया गया। इससे करीब ६०-७० फीट गलत रास्ते पर भी ठेकेदार ने सामग्री डाल दी थी। अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करवाया जाएगा। निर्माण कार्य अधूरा रहने पर अभी कुछ भुगतान रुका हुआ है।
मदनलाल मेघवाल, अधिशासी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग

पंचायत ने एनओसी दी
रास्ते को लेकर अब गांव में कोई विवाद नहीं है। ग्राम पंचायत द्वारा विभाग को एनओसी दे दी है। अधूरे गौरव पथ से लोगों को परेशानी है तथा सरकारी की कल्याणकारी योजना का लोगों को फायदा नहीं मिल रहा है। सीसी सड़क के किनारे खड़व्जा नहीं लगाया है।
नंदलाल सारस्वा, भाजपा युवा मोर्चा पूर्व मण्डल अध्यक्ष, लूणकरनसर

Published on: