बीकानेर

‘मेरा गांव-स्वस्थ गांव’अभियान आज से,गांवों में जाकर तम्बाकू छोडऩे को करेंगे प्रेरित, देखिये वीडियो

बीमारियों के लिए होगी स्क्रीनिंग,तम्बाकू उत्पादों का सेवन करने वालों की करेंगे पहचान
2 min read
• •
Updated: 1 May 2018, 2:04 PM IST
Going to the villages will quit smoking tobacco

बीकानेर . राजस्व लोक अदालत ने न्याय आपके द्वार अभियान-२०१८ के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से 'मेरा गांव-स्वस्थ गांवÓ अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान एक मई से २९ जून तक जिले की २८४ ग्राम पंचायतों में चलेगा। अभियान के तहत गांव-ढाणियों में चिकित्सा शिविर लगेंगे।

इनमें चिकित्सक, नर्सिंगकर्मी व लैब टेक्निशियन सेवाएं देंगे। मंगलवार को जिले के गुंसाईसर, जैतपुर, सूरपुरा, सिंजगुरु, कोटड़ी, आडूरी, संसादेसर व पूनरासर में शिविर लगाकर अभियान की शुरुआत की जाएगी। चिकित्सा शिविरों में डायबिटिज, रक्तचाप जैसी बीमारियों के लिए ३० वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। शिविरों के लिए उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. इंदिरा प्रभाकर एवं सबंधित ब्लॉक सीएमओ व चिकित्सा प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

लेंगे आधार व बैंक खाता नंबर
सीएमएचओ डॉ. चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत टीबी का इलाज करा रहे निक्षय पोर्टल पर पंजीकृत रोगियों की आधार संख्या व बैंक खाता नंबर लेकर उसे पोर्टल में दर्ज करवाने का कार्य भी होगा, ताकि भविष्य में मिलने वाले वित्तीय लाभ सीधे उनके खाते में जा सके।

बिंदी के रंग से होगी पहचान
अभियान में ग्रामस्तर पर तम्बाकू का सेवन करने वाले लोगों को नशामुक्त जीवन देने का प्रयास किया जाएगा। एपेडेमियोलॉजिस्ट नीलमप्रताप सिंह ने बताया कि ऐसे घर चिह्नित किए जाएंगे, जिनमें व्यक्ति तम्बाकू उत्पाद का उपयोग करता है। घर में बीड़ी-सिगरेट या हुक्का पीने वाले व्यक्ति को काली बिंदी से चिह्नित किया जाएगा। जिस घर में जर्दा, खैनी, गुटखा आदि तम्बाकू उत्पादों का उपयोग होता है, उसे बैंगनी बिंदी से और जिस घर में बिना तम्बाकू की सुपारी या पान मशाला खाया जाता है, ऐसे लोग सलेटी रंग की बिंदी से चिह्नित होंगे। अभियान में ब्रह्माकुमारी संस्थान से प्रशिक्षित व्यक्ति काउंसलिंग के लिए सेवाएं देंगे।

स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र होंगे तम्बाकू मुक्त
आईईसी समन्वयक मालकोश आचार्य ने बताया कि अभियान के तहत स्कूल, आंगनबाड़ी व अटल सेवा केन्द्रों को तम्बाकू मुक्त घोषित करने की कार्रवाई की जाएगी। सभी स्थानों पर धूम्रपान निषेध का साइनेज लगवाया जाएगा। सभी विद्यालयों में तम्बाकू निषेध समिति का गठन किया जाएगा और 200 गज के दायरे में तम्बाकू उत्पाद बेचने वालों के चालान किए जाएंगे।

Published on: