पिछले दिनों प्रदेश में आंधी-तूफान से दर्जनों लोगों की मौत हो गई, लेकिन सरकार ने इसकी जिम्मेदारी तक नहीं ली।
विधायक बेनीवाल ने शनिवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में तीसरे मोर्चे की घोषणा जल्द की जाएगी। इससे पहले सीकर में रैली और उसके बाद जयपुर में तीसरे मोर्चे की घोषणा होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
प्रदेश में बढ़ रहे दुष्कर्म के मामले
जाट सेना के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विवेक माचरा ने कहा कि प्रदेश में महिला मुख्यमंत्री तथा विपक्ष के नेताओं का जुड़ाव बीकानेर से होने के बावजूद बीकानेर जिले में दुष्कर्म के मामलों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा आमजन का विश्वास खो चुकी हैं।
भाजपा की कथनी और करनी में अंतर- रेहाना
बीकानेर. शहर जिला महिला कांग्रेस की मासिक बैठक शनिवार को सर्किट हाउस में प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रेहाना रियाज की अध्यक्षता में हुई। रियाज ने कहा की भाजपा महंगाई एवं बेरोजगारी कम करने में नाकामयाब रही है। आज गरीब की कोई सुध नहीं ले रहा है। पांच साल में 15 लाख बेरोजगारों को रोजगार देने के दावे खोखले साबित हुए हैं। युवा रोजगार के लिए दर दर भटक रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों को पूरा मुआवजा नहीं मिलने से वे आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की करनी और कथनी में अंतर है। उन्होंने बताया कि बीकानेर संभाग मुख्यालय पर 27 मई को महिला कांग्रेस का जिला स्तरीय सम्मलेन होगा।
शहर जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुनीता गौड़ ने कहा की भाजपा के शासन में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष सरस्वती लेघा, शहर प्रभारी सरोज सरगरा, शहर उपाध्यक्ष शिवरी चौधरी, मोहिनी टाक, मनभरी, सपना तिवाड़ी, मुमताज शेख सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रही।