बीकानेर

नौ करोड़ का वेलोड्रम, न प्रशिक्षक न रखरखाव… ट्रैक पर दरारें, झाड़ियों का कब्जा

महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) में करीब नौ करोड़ रुपए की लागत से बने हाईटेक साइकिल वेलोड्रम की है। प्रदेश की साइक्लिंग प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के उद्देश्य से तैयार इस वेलोड्रम में अब खिलाड़ी खुद को असहज महसूस कर रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 8:53 PM IST
एमजीएसयू में बनी हाईटेक साइक्लिंग सुविधा बदहाल
एमजीएसयू में बनी हाईटेक साइक्लिंग सुविधा बदहाल

ट्रैक पर दरारें उभर रही हैं, कहीं प्लास्टर उखड़ने लगा है तो कहीं झाड़ियों ने जगह घेर ली है। ड्रेनेज सिस्टम की बदहाली अलग परेशानी है। यह तस्वीर किसी उपेक्षित मैदान की नहीं, बल्कि महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) में करीब नौ करोड़ रुपए की लागत से बने हाईटेक साइकिल वेलोड्रम की है। प्रदेश की साइक्लिंग प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के उद्देश्य से तैयार इस वेलोड्रम में अब खिलाड़ी खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। स्थायी प्रशिक्षक नहीं है और देखरेख के लिए भी पर्याप्त स्टाफ नहीं। ऐसे में सवाल है कि जिस सुविधा से साइक्लिंग खिलाड़ियों को नई उड़ान की

उम्मीद थी, वहां वे बेहतर अभ्यास कैसे करें?
बीकानेर में साइक्लिंग खिलाड़ियों के लिए वेलोड्रम की सुविधा पहले डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में थी। वर्ष 1980 में बने इस वेलोड्रम को हटाकर वहां मल्टीपरपज हॉल बना दिया गया। इसके बाद एमजीएसयू में नया वेलोड्रम तैयार हुआ तो सैकड़ों खिलाड़ियों को उम्मीद जगी। वर्ष 2023 में इसका उद्घाटन हुआ, लेकिन कुछ ही समय में इसकी स्थिति पर सवाल उठने लगे। इससे जुड़े जानकारों का कहना है कि वेलोड्रम निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। यही वजह बताई जा रही है कि यहां अब तक किसी बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन नहीं हो सका है।

प्रशिक्षक का पद खाली, देखरेख के अभाव में बिगड़ रहे हालात
वेलोड्रम में कई जगह ट्रैक पर दरारें आने लगी हैं। कुछ हिस्सों में प्लास्टर भी उखड़ रहा है। ट्रैक के बीच और आसपास झाड़ियां उग आई हैं। ड्रेनेज सिस्टम खराब होने से पानी निकासी की व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। वेलोड्रम के नीचे बने कमरों में भी सीलन की आशंका है। यहां स्थायी साइकिल प्रशिक्षक नहीं होने से खिलाड़ियों को नियमित मार्गदर्शन नहीं मिल पा रहा है। विश्वविद्यालय के खिलाड़ी हों या अपने स्तर पर प्रशिक्षण लेने आने वाले युवा, सभी को व्यवस्थाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। शाम के समय खिलाड़ी अभ्यास के लिए पहुंचते हैं, लेकिन बदहाल व्यवस्थाएं उनके अभ्यास में बाधा बन रही हैं।

333.33 मीटर का ट्रैक, नौ करोड़ की लागत
वेलोड्रम के चारों ओर हाईटेक लाइटें लगाई गई थीं, ताकि खिलाड़ी रात में भी अभ्यास कर सकें। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने के लिए वेलोड्रम के नीचे करीब 40 कमरे भी बनाए गए हैं। ट्रैक की लंबाई 333.33 मीटर है और इसके निर्माण पर करीब नौ करोड़ रुपए खर्च हुए। लेकिन ड्रेनेज सिस्टम की खराब स्थिति और रखरखाव के अभाव में इन सुविधाओं का समुचित उपयोग भी प्रभावित हो रहा है।

झाड़ियां हटाने के दिए निर्देश
दो दिन पहले ही वेलोड्रम का निरीक्षण किया था। वहां उगी झाड़ियों को साफ करवाने के निर्देश दिए हैं। आगे भी इसको सही किया जाएगा। यहां बड़ी संख्या में खिलाड़ी रोजाना अभ्यास के लिए आते हैं।
प्रो. नरसी राम बिश्नोई, कुलगुरु, एमजीएसयू

Updated on:
26 Nov 2026, 8:53 PM IST
Published on: