पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के कारण जिले में सरकारी व गैरसरकारी स्कूलों में अवकाश रहेगा।
बीकानेर. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के कारण जिले में सरकारी व गैरसरकारी स्कूलों में शुक्रवार को अवकाश रहेगा। वहीं कक्षा पांचवीं व आठवीं की फॉलोअप परीक्षाएं गुरुवार से शुरू हुई। शुक्रवार को होने वाली फॉलोअप परीक्षा स्थगित कर दी गई है। इस परीक्षा के लिए अंग्रेजी की परीक्षा २४ को होगी। परीक्षा के पहले दिन संग्रहण केन्द्रों पर हिन्दी का पेपर हुआ। पहले दिन आठवीं बोर्ड में ६९ विद्यार्थी पंजीकृत थे। इसमें से ४८ उपस्थित थे।
वहीं पांचवीं बोर्ड में १५०० पंजीकृत थे। यह परीक्षा आठवीं बोर्ड के लिए सात संग्रहण केन्द्र व पांचवी बोर्ड के ४८ संग्रहण केन्द्रों पर आयोजित की गई। जिला शिक्षा अधिकारी तरूण गौड़ ने बताया कि१८ अगस्त को विज्ञान की परीक्षा होगी। १९ अगस्त को रविवार का अवकाश होने के बाद २० अगस्त को सामाजिक विज्ञान व २१ अगस्त को तृतीय भाषा की परीक्षा होगी। २२ अगस्त को ईदुलजुहा का अवकाश के बाद २३ अगस्त को गणित, २४ को अंग्रेजी की परीक्षा होगी।
अटल का निधन अपूरणीय क्षति
बीकानेर. केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का बीकानेर से नाता रहा है। उनका नहीं रहना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। विधायक डॉ. गोपाल जोशी और भाजपा नेता गोकुल जोशी ने भी शोक संवेदना व्यक्त की है। पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी ने वाजपेयी के निधन पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि भारतीय राजनीति के युग पुरूष व कोमल दिल के होने के साथ वाजपेयी विरोध पार्टी में भी लोकप्रिय नेता थे।
देहात भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जालम सिंह भाटी, सुनील बांठिया, खींव सिंह भाटी, बृजमोहन सिंह पडि़हार, परमानन्द ओझा ने वाजपेयी के निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। राष्ट्र उनकी सेवाओं के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा। शहर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विजय आचार्य ने वाजपेयी के निधन पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी के निधन से देश की राजनीति में जो रिक्तता आई है उसकी भरपाई कभी संभव नहीं होगी।
ऑल इण्डिया क्राइम रिफोर्म ऑर्गनाईजेशन के रवीन्द्र सारस्वत, बाबुलाल देवड़ा, प्रहलाद, गौतम स्वामी आदि ने वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ प्रकल्प भाजपा की प्रदेश संयोजक डॉ. मीना आसोपा, जिला संयोजक राजकुमार पारीक, अम्बेडकर शिक्षक संघ के लालचंद हटीला व आनन्दमल चौहान, ऑल राजस्थान को ऑपरेटिव बैंक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शिव सिंह राठौड़, सम्पत पारीक ने अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक प्रकट किया।