बीकानेर

video- किसी ने जताया रोष तो किसी की भर आई आंखें

- आवासन मण्डल : समस्या समाधान शिविर लगाया- सुबह से शाम तक समस्याएं लेकर आते रहे लोग
2 min read
Housing board camp
किसी ने जताया रोष तो किसी की भर आई आंखें

बीकानेर. राजस्थान आवासन मण्डल की ओर से गुरुवार को मुक्ता प्रसाद नगर स्थित उप आवासन आयुक्त कार्यालय में समस्या समाधान शिविर लगाया गया। शिविर में सुबह से ही आवंटी समस्याएं लेकर पहुंचने लगे, जिनका क्रम शाम तक चलता रहा। शिविर में हर व्यक्ति मुक्ता प्रसाद नगर और पवनपुरी कॉलोनी स्थित अपने आवासों, सड़कों, सीवरेज, पानी सहित विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे। लम्बे समय से अपने काम नहीं होने और समस्याओं से परेशान लोगों का कई बार धैर्य टूटता भी नजर आया। अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता द्वितीय जीएस बाघेला के समक्ष भी आवंटियों ने रोष जताया और समस्याएं रखी। शिविर के दौरान एक महिला की आंखें समस्या बताते-बताते आंसुओं से डबडबा गई। पवनपुरी कॉलोनी के सेक्टर एक से चार में स्थित मार्केट की समस्याओं को लेकर व्यापारी और दुकानदार पहुंचे। उन्होंने अतिरिक्त मुख्य अभियंता के समक्ष रोष प्रकट करते हुए कहा कि वर्षों बाद भी मार्केट क्षेत्र में ना सड़कें बनी है और ना ही लाइटें लगी है। वहीं राजस्थान आवासन मण्डल से जुडे़ ठेकेदारों ने लम्बे समय से भुगतान नहीं होने पर जुगल सिंह के नेतृत्व में अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता से मुलाकात कर भुगतान की मांग रखी।

ना काम हो रहा ना सुनवाई

आवासन मण्डल की कॉलोनियों के निवासियों ने अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता के समक्ष कई बार शिकायत की कि आवासन मण्डल में उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। अधिकारी-कर्मचारी आवंटियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है। आवासन मण्डल में स्टाफ की कमी है और जो कार्यरत है वे भी सुनवाई नहीं कर रहे हैं।

जल्द होंगी फाइलें हस्तांतरित

अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता जीएस बाघेला ने बताया कि नगर निगम को हस्तांतरित हुई मुक्ता प्रसाद नगर और पवनपुरी कॉलोनियों से संबंधित फाइलें जल्द निगम को हस्तांतरित कर दी जाएगी। उन्होंने आवासन मण्डल की कॉलोनियों के आवासों में व्यावसायिक गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने की बात कही।

शिविर में ३६ प्रकरणों का निस्तारण
आवासन मण्डल की ओर से आयोजित शिविर में विभिन्न प्रकार के ७५ प्रकरण प्राप्त हुए व ३६ प्रकरणों का शिविर के दौरान निस्तारण किया गया। ३९ प्रकरणों के निस्तारण की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। उप आवासन आयुक्त आर सी मेघवाल के अनुसार बकाया राशि मांग पत्र के तीन, अदैय प्रमाण पत्र जारी करने के ८, बकाया-एक मुश्त लीज राशि का मांग पत्र जारी करने के३, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र के ८, भौतिक कब्जा हस्तानान्तरण की कार्यवाही के ३, मृत्यु पश्चात पंजीकरण-आवास हस्तांतरण से संबंधित कार्यवाही के ५, पंजीयन से संबंधित कार्य के १८ प्रकरणों सहित ७५ प्रकरण प्राप्त हुए। शिविर के दौरान मुख्य अभियन्ता द्वितीय जी एस बाघेला, अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता द्वितीय कल्याण प्रसाद उपस्थित रहे

Updated on:
07 Feb 2019 08:34 pm
Published on:
08 Feb 2019 06:13 am