
रेलवे में रियायती टिकट के लिए दिव्यांगों को पहचान कार्ड बनाने पड़ते हैं। इसके लिए दिव्यांगों को मंडल कार्यालय तक आना पड़ता है। इससे उन्हें परेशान होना पड़ता है। अब इस तरह की समस्या से दिव्यांगों को निजात मिलेगी।
इसके लिए रेलवे ऐसी व्यवस्था करने जा रहा है, जिससे दिव्यांगों को मंडल कार्यालय तक चक्कर नहीं निकालने पड़े। रेलवे अब दिव्यांगों को स्टेशनों पर ही पहचान पत्र उपलब्ध कराएगा। रेलवे ने अब नई व्यवस्था शुरू की है।
इसके तहत हाल ही श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशनों पर दिव्यांगों के लिए रेलवे ने पहचान कार्ड वितरित किए। आने वाले दिनों में बीकानेर मंडल के भिवानी, सिरसा, सादुलपुर, चूरू, रतनगढ़ स्टेशनों पर शिविर लगाकर दिव्यांगों को पहचान कार्ड वितरित किए जाएंगे।
किराये में मिलती है रियायत
रोजाना चलने वाली ट्रेनों में दिव्यांगों को किराये में विशेष छूट मिलती है। इसके लिए रेलवे ने पहचान पत्र अनिवार्य कर रखे हैं। वर्षभर पहचान पत्र बनाने का कार्य चलता है। बीकानेर रेल मंडल कार्यालय में वाणिज्य शाखा में पहचान कार्ड बनाए जाते हैं। जहां हिसार, भिवानी, सिरसा, गंगानगर, हनुमानगढ़ सहित बीकानेर मंडल के सभी स्टेशनों से दिव्यांग पहचान कार्ड बनाने के लिए आते हैं, ऐसे में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्टेशनों पर करेंगे वितरित
दिव्यांगों को किसी तरह की असुविधा नहीं हो, इसके प्रयास किए जा रहे है। इसी कड़ी में रेलवे स्टेशनों पर ही दिव्यांजनों को पहचान कार्ड वितरित किए जाएंगे। नई व्यवस्था शुरू हो गई है।
एके दुबे, मंडल प्रबंधक
ऑनलाइन लेंगे भवन निर्माण अनुमति आवेदन
स्वायत शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव मंजीत सिंह ने कहा है कि शीघ्र ही नगर निगम भवन निर्माण की अनुमति के लिए आवेदन ऑनलाइन ही स्वीकार करेगा और ऑनलाइन ही स्वीकृति जारी की जाएगी। आयुक्त को इस संदर्भ में निर्देश दिए गए।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान अण्डरटेकिंग के आधार पर भवन निर्माण की स्वीकृति के सवाल पर बताया कि स्मार्ट राज प्रोजेक्ट के तहत 12 मॉड्यूल पर कार्य शुरू हो गया है। शेष मॉड्यूल पर शीघ्र कार्य शुरू होगा।
आवासन मण्डल की कॉलोनियों में एलईडी लाइट के सवाल पर कहा कि आवासन मण्डल को स्विच वायर लगाना होगा। एलईडी निगम लगाएगा। शहर की सफाई व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि आयुक्त को इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए हैं।