
बीकानेर . इंदिरा गांधी नहर परियोजना में हरिके बैराज से छोड़ा गया पानी मंगलवार शाम पांच बजे आरडी ६२० को पार कर गया। पानी बुधवार सुबह गजनेर लिफ्ट में पहुंच जाएगा। अभी नहर में ६ हजार क्यूसेक पानी चलाया जा रहा है। नहर का पानी जलप्रदाय योजनाओं के जलाशयों में पहुंचने के साथ ही पेयजल आपूर्ति में सुधार शुरू हो जाएगा।
जिले में अभी ग्रामीण क्षेत्र की ७५ पेयजल योजनाओं में पानी की कमी से आपूर्ति ठप पड़ी है। नहर विभाग का मानना है कि गजनेर लिफ्ट से ६ हजार क्यूसेक पानी की आवक होने से अगले ४८ घंटे में पानी बीकानेर पहुंच जाएगा। पानी ११ मई को सुबह तक फिल्टर प्लांट तक पहुंच जाएगा। बीकानेर में १० मई तक जलापूर्ति का पानी स्टोरेज में है।
हो सकेगा सुधार
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने बीकानेर जिले में १७ दिन के जल भंडारण से ३५ दिन तक आपूर्ति की गई। ११ मई को नहर का पानी फिल्टर प्लांट से जलाशय में आने के बाद पेयजल आपूर्ति में सुधार हो सकेगा।
दीपक बसंल, अधीक्षण अभियंता, पीएचईडी बीकानेर
गजनेर लिफ्ट में आज
गजनेर लिफ्ट नहर में बुधवार को सुबह तक पानी पहुंच जाएगा। गजनेर लिफ्ट ३६ किलोमीटर लम्बी है। पानी अगले ४८ घंटों में फिल्टर प्लांट तक पहुंच जाएगा।
विनोद मित्तल, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (रेग्यूलेशन), इंगांनप बीकानेर
वार्डवासियों ने बताई समस्याएं
बीकानेर. शहर जिला कांग्रेस की परिवर्तन पदयात्रा और मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रम के तहत कांग्रेस नेता मंगलवार को वार्ड नंबर 53 में पहुंचे। वहां वार्डवासियों ने बिजली, गंदगी, पनपते मच्छरों की समस्या बताते हुए रोष जताया और समस्या समाधान की मांग की। वार्ड में लोगों से जिला कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा कि एक तरफ तो भाजपा स्वछ भारत अभियान चलाने की बात करती है, वहीं बीकानेर में उनकी ही पार्टी के महापौर और निगम बोर्ड होते भी अभियान की धज्जियां उड़ रही हैं।
यहां के पार्षद और निगम लोगों की बात नहीं सुन रहे। डॉ. बीडी कल्ला ने कहा कि भाजपा के शासन में कानून व्यवस्था लचर है। पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। पीसीसी सदस्य गोपाल गहलोत, वरिष्ठ नेता वल्लभ कोचर ने वार्ड की समस्याओं को दूर करवाने का भरोसा दिलाया। प्रदेश सचिव हाजी जिया उर रहमान आरिफ ने भी विचार रखे। आंनद सिंह सोढा, मगन पणेचा, कर्नल शिशुपाल सिंह, शर्मिला पंचारिया, शिवजी स्वामी, विकास तंवर, एजाज पठान, गोपीराम बिश्नोई, सुमित कोचर आदि मौजूद रहे। रामेश्वर लाल सुथार, मगनलाल पवार, मनोज मेघवाल, हनी पंजाबी, सिराजुद्दीन आजम खां आदि ने उन्हें समस्याएं बताई।