सदर थाने में पति के खिलाफ तीन तलाक का मामला दर्ज
बीकानेर। कचहरी परिसर में शनिवार को एक अजीब तरह का मामला देखने को मिला। कोर्ट में एक व्यक्ति पर आरोप-पत्र पेश होने से नाराज व्यक्ति ने कोर्ट के बाहर निकलते ही अपनी पत्नी को तीन बार तलाक, तलाक, तलाक बोल कर तलाक दे दिया। इस संबंध में पीडि़त महिला जामसर थाना क्षेत्र के जलालसर निवासी शबाना की ओर से सदर थाने में तीन तलाक का मामला दर्ज कराया गया है।
पीडि़ता ने बताया कि जामसर थाने में उसके पति मोहम्मद फारुख, ससुर सफी मोहम्मद, सास खातुन जेठ रफीक खान एवं जेठानी फरजाना के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज करवाया हुआ था। इस मामले में 30 जनवरी को बीकानेर कचहरी में संबंधित न्यायालय में उसके पति मो. फारुख के विरूद्ध आरोप पत्र पेश हुआ। इस कारण पीडि़ता अपने पिता और पिता के दोस्त के साथ कचहरी आई हुई थी। आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत होने के बाद पीडि़ता बाहर आई तो उसका ससुर उस पर भड़क गया। पीडि़ता ने बताया कि उसके ससुर ने उसके पति से कहा कि तु इसे अभी के अभी तलाक दे दे। इस पर उसके पति ने तीन बार तलाक-तलाक कर दिया। आरोपी मो. फारुख ने कहा कि मैंने दूसरा निकाह पढ़ लिया है, अब मुझे तेरी कोई जरूरत नहीं है। मैंने तुझे तलाक दे दिया है। कोई कोर्ट कचहरी मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। मैं तो दुबई चला जाऊंगा और तू यही रहेगी। वहीं दूसरी ओर सदर सीआई महावीर ने बताया कि महिला की रिपोर्ट पर उसके पति के खिलाफ तीन तलाश का मामला दर्ज कर लिया गया है।
बेसुध हो गई पीडि़ता
कोर्ट परिसर में ही पति की ओर से तीन तलाक सुनकर पीडि़ता बेसुध हो गई। उसके पिता ने उसे संभाला। बाद में पीडि़ता के होश में आने के बाद सदर पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया। इस मामले को लेकर कचहरी परिसर में दिनभर चर्चा रही। यह घटनाक्रम दिन में करीब दोपहर ढाई बजे हुआ।
बीकानेर में पांच मामले दर्ज
बीकानेर जिले में तीन तलाक के मामले पहले भी दर्ज हो चुके हैं। पुलिस विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अब तक जिले में करीब पांच से अधिक तीन तलाक के मामले दर्ज हो चुके हैं। विदित रहे कि सुप्रीम कोर्ट में पीडि़ता बनाम यूनियन ऑफ इंडिया के महत्वपूर्ण प्रकरण में तीन तलाक को असंवैधानिक करार देने के बाद भी तीन तलाक के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है।