
बीकानेर. शहर में गर्मी के प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। चार दिन से लगातार बढ़ रहे तापमान और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। शुक्रवार को भी तापमान एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जिससे गर्मी और बढ़ गई। दिन में तेज धूप और तपती धरती के कारण सड़कों पर सन्नाटा सा रहा। लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकले।
शहर में अधिकतम तापमान ४४.८ डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में भी करीब दो डिग्री बढ़कर ३२.८ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शहर में दिनभर सूर्य की तेज तपन से लोग बेहाल रहे। जरूरी काम के लिए लोग गर्मी से बचाव के जतन करके ही बाहर निकले। दोपहर में बाजारों में भी खरीदारी कम रही।
बारिश का करना होगा इंतजार
सूर्य की तेज तपन के बीच लोगों को अब बारिश का इंतजार है। वहीं मौसम विभाग के
अनुसार शहर में २८ जून तक आकाश में आशिंक रूप से बादल छाए रहेंगे। तापमान भी ४० डिग्री से ऊपर रहने का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो शहर में २८ जून तक बारिश की संभावना कम ही है।
यूं बढ़ा तापमान
दिनांक तापमान
19 जून 40.8
20 जून 42.7
21 जून 43.8
22 जून 44.8
(अधिकतम तापमान डिग्री से. में)
नोखा. कस्बे में शुक्रवार रात झमाझम बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। इससे पूर्व दिनभर
उमस व गर्मी ने लोगों को परेशान किया। रात करीब 10.45 बजे तेज गर्जना के साथ बारिश
शुरू हुई तो लोगों में खुशी देखने को मिली। बारिश से तापमान में गिरावट आने से मौसम खुशनुमा हो गया। देर रात तक बारिश का दौर जारी था।
महाजन. क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बाद अच्छी बारिश होने से किसानों के चेहरों पर चमक आ गई। वहीं उमस व गर्मी से भी राहत मिली है। दिनभर उमस के बाद सायं करीब चार बजे कस्बे व आस-पास के गांवों में कहीं अच्छी तो कहीं हल्की बारिश हुई। इस बारिश से सिंचित खेतों में पानी के अभाव में दम तोड़ रही नरमा व मूंगफली की फसल को जीवनदान मिला है। बरसात से रोही में भी हरा घास होने की उम्मीद है। कस्बे के कई वार्डों सहित बस स्टैण्ड, मुख्य बाजार व अन्य जगह पर कीचड़ आदि पसर जाने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।