बीकानेर

केईएम रोड: मकान का गिरा छज्जा, मलबा गिरने से मची अफरा-तफरी, देखिये वीडियो

केइएम रोड स्थित बी सेठिया गली में एक पुरानी बिल्डिंग का हिस्सा भरभरा कर गिर गया।
2 min read
• •
Updated: 27 Apr 2018, 8:05 AM IST
accident
दुर्घटना

बीकानेर. केइएम रोड स्थित बी सेठिया गली में गुरुवार को एक पुरानी बिल्डिंग का हिस्सा भरभरा कर गिर गया। हालांकि मलबा गिरने से कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार यह बिल्डिंग व्यस्ततम और संकरी रोड पर है। बिल्डिंग के ऊपर का कुछ हिस्सा सुबह करीब सवा नौ बजे गिर गया। उस समय दुकानें बंद थी और सड़क पर लोगों की आवाजाही भी कम थी।

इससे बड़ा हादसा टल गया। बिल्डिंग का हिस्सा गिरने से एकबारगी क्षेत्र में अफरा-तफरा मच गई और वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही नगर निगम के एसआइ बीडी व्यास और जमादार मौके पर पहुंच गए। बाद में जेसीबी से मलबे को हटाया गया। महापौर नारायण चोपड़ा ने वहां पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। शाम को बिल्डिंग के अगले और जर्जर कुछ हिस्से को हटाया गया, ताकि और मलबा नहीं गिरे।

कुछ हिस्सा जर्जर स्थिति में
बताया जा रहा है कि यह बिल्डिंग पुरानी है और इसका कुछ हिस्सा जर्जर स्थिति में है। क्षेत्र के व्यवसायी सुनील बांठिया ने बताया कि यह बिल्डिंग किशन लाल मोदी के पुत्रों की है। बिल्डिंग का जो हिस्सा गिरा था, उसमें कोई नहीं रहता है। नीचे दुकानें बनी हुई हैं।

गिराई जाए जर्जर इमारतें
बीकानेर. केइएम रोड युवा व्यापार संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्याम मोदी के नेतृत्व में गुरुवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जर्जर इमारतों को गिराने एवं अवैध निर्माण पर कार्रवाई की मांग की। मोदी ने बताया कि शहर में पुरानी जर्जर इमारतें एवं अवैध निर्माण बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। ज्ञापन देने वालों में रामकिशन, मनमोहन मोदी, राम मोदी, राजकुमार प्रजापत, शशिकांत मोदी आदि शामिल थे।

बच्चों में पाळसियों का वितरण
बीकानेर. पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए आर्यन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों में पाळसियों का वितरण किया गया। इस अवसर पर स्कूल संचालक अमित व्यास ने बताया कि बच्चों को इस कार्यक्रम से जोड़ा गया है ताकि नि:स्वार्थ भाव से कार्य करने की भावना बच्चों को सीखा सकें। इसे देखते हुए यह कार्यक्रम रखा गया। इस अवसर पर रूपिन कल्याणी, पुनीत हर्ष, शकील अहमद व राजेश आदि उपस्थित थे।

Published on: