बीकानेर

अपने भतीजे की पहले बेरहमी से की हत्या और फिर शव को गाड़ा जमीन में, पढ़े पूरी खबर

व्यक्ति ने अपने नौ वर्षीय भतीजे की हत्या कर शव जमीन में गाड़ दिया। 12 घंटे में बालक का शव बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
2 min read
• •
Updated: 31 Jan 2018, 9:05 AM IST
Murder case
हत्या का मामला

बीकानेर/श्रीडूंगरगढ़. धनेरू गांव में एक व्यक्ति ने अपने नौ वर्षीय भतीजे की हत्या कर शव जमीन में गाड़ दिया। वारदात का पता चलते ही पुलिस ने 12 घंटे में बालक का शव बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
सीआई विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि सीकर जिले के ठेहट गांव निवासी केसरदेवी पत्नी सुरेश बनबावरी की रिपोर्ट पर उसके जेठ पवन बनबावरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। यह घटना 18 जनवरी की है। आरोपित पवन वर्तमान में धनेरू गांव में रहता है।

मृतक की माता के अनुसार पिछले दो माह से वह अपने नौ वर्षीय बेटे मुकेश के साथ बीदासर के कालेरां की ढाणी में रह रही है। करीब 20 दिन पूर्व उसके जेठ पवन ने मुकेश को अपने पास बुलाया। केसर ने अपने नणद-नणदोई के साथ मुकेश को पवन के पास भेज दिया। धनेरू जाने के पांच दिन बाद ही पवन ने केसर को सूचना दी कि मुकेश डेरे से निकल गया जो वापस नहीं आया। इसके बाद पीडि़ता धनेरू गांव आई।

केसर जब गांव पहुंची तो वह उसे गुमराह करता रहा। मुकेश के गायब होने की सूचना अपने भाई जगदीश को दी। कई जगह तलाश की लेकिन मुकेश नहीं मिला। इसी दरम्यिान उन्हें खेत पड़ोसियों से जानकारी मिली की पवन ने मुकेश की गोली मार कर हत्या कर दी और शव को कहीं छिपा दिया है।

सीआई ने बताया कि पीडि़ता ने सोमवार रात को पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया। बालक की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इस पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित ने गढ़ी कहानी
सीआई ने बताया कि आरोपित की करतूत सामने आने पर उसने मनगढ़त कहानी रची। उसने बताया कि वह १८ जनवरी की रात को पशुओं पर गोली चला रहा था तभी मुकेश सामने आ गया और गोली उसे लग गई।

खेतों की करता है रखवाली
आरोपित पवन धनेरू गांव में खेतों की रखवाली करता है। वह यहां ढाणी में परिवार सहित रहता है। १८ जनवरी को वह मुकेश को अपने साथ रोही में ले गया और वारदात को अंजाम दिया। सीआई ने बताया कि मृतक के पिता सुरेश ने आरोपित की ***** से शादी कर ली। बालक अपनी मां के साथ ही रहता था। मृतक के दो बहिनें भी है। सुरेश ने अपनी पत्नी केसर को छोड़ रखा है।

रोही से किया शव बरामद
सीआई ने बताया कि आरोपित पवन की निशानदेही पर धनेरू गांव की रोही स्थित मोडूराम मेघवाल के खेत में गाड़ा शव बरामद कर लिया। शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरोपित को न्यायालय में पेश कर तीन फरवरी तक रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान हत्या में काम ली गई बंदूक को बरामद किया जाएगा।

Published on: