
माडिया गांव के पास मंगलवार शाम पिकअप और बस की भिड़ंत में जान गंवाने वाले सांसी समाज के नौ लोगों के परिजनों को जिला प्रशासन के आग्रह पर नोखा के भामाशाह भंवर-नरसी-पूनम कुलरिया एक-एक लाख रुपए देंगे। जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने बुधवार को यह घोषणा की।
इसके अलावा मुख्यमंत्री सहायता कोष से 50-50 हजार रुपए व गंभीर रूप से घायलों को 15-15 हजार देने का निर्णय किया गया। इन घोषणाओं के बाद मृतकों के शव लेने को परिजन तैयार हो गए और धरना समाप्त कर दिया। बाद में पुलिस ने शवों को परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
शव लेने से कर दिया था इनकार
इससे पूर्व सुबह समाज के मुखियाओं ने मुआवजे की मांग करते हुए शवों को लेने से इंकार कर दिया और नोखा अस्पताल की मोर्चरी के आगे धरना लगाकर बैठ गए। बाद में अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य सुरजाराम नायक, मगनाराम केड़ली व समाज के मुखियाओं के बीच एसडीएम कन्हैयालाल सोनगरा, सीओ बनवारीलाल मीणा, थानाधिकारी मनोज शर्मा, तहसीलदार धन्नाराम गोदारा आदि के बीच दो-तीन बार वार्ता हुई।
इसमें एसडीएम ने मुख्यमंत्री सहायता कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को पचास-पचास हजार रुपए व गंभीर रूप से घायलों को पन्द्रह-पन्द्रह हजार रुपए देने की घोषणा जिला प्रशासन की ओर से की लेकिन मुखिया इससे संतुष्ट नहीं हुए।
आखिरकार जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने समाजसेवा में अग्रणी संत दुलाराम कुलरिया फाउंडेशन ट्रस्ट मूलवास के माध्यम से मृतकों के परिजनों को सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह भामाशाह नरसी कुलरिया को फोन करके किया। जिला कलक्टर के आग्रह पर तत्काल निर्णय लेते हुए भामाशाह भंवर-नरसी-पूनम कुलरिया ने प्रत्येक मृतक के परिवार को एक.एक लाख रुपए देने की सहमति दे दी।
जताया आभार
मृतकों के गरीब परिजनों को मानवीय आधार पर सहयोग पर जिला कलक्टर अनिल गुप्ता व नोखा के एसडीएम कन्हैयालाल सोनगरा ने भामाशाह भंवर-नरसी-पूनम कुलरिया का प्रशासन की ओर से आभार व्यक्त किया।
सांसी समाज के मुखिया व अनुसूचित आयोग सदस्य सुरजाराम नायक ने कहा कि दुख की इस घड़ी में संत दुलाराम कुलरिया परिवार की सहृदयता से पीडि़त परिवारों को पूरा संबल मिलेगा। नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने भी भामाशाह भंवर-नरसी-पूनम कुलरिया की पहल को अनुकरणीय बताया।