
महाजन. लूणकरनसर व सूरतगढ़ के बीच सौ किमी की दूरी में राजमार्ग पर एकमात्र महाजन के मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को हालांकि छह वर्ष पूर्व क्रमोन्नत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में तब्दील कर दिया गया लेकिन यहां सुविधाओं का टोटा होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यहां कस्बे सहित करीब एक दर्जन गांवों के मरीज उपचार करवाने के लिए आते है। अरजनसर-मलकीसर के बीच राजमार्ग पर होने वाले हादसों में गम्भीर रूप से घायल यात्रियों को भी प्राथमिक उपचार के लिए यहीं लाया जाता है। फील्ड फायरिंग रेंज में बम हादसों से हताहत लोगों को भी उपचार के लिए इसी चिकित्सालय में लाया जाता है।
इनकी है जरूरत
ब्लड व ऑपरेशन, सुविधा के साथ इस चिकित्सालय में बैड भी बढ़ाने की आवश्यकता है। फिलहाल यहां एक ही भर्ती वार्ड व प्रसव लेबर वार्ड होने से मरीजों व प्रसूताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां सभी ग्रुप का एक-एक यूनिट ब्लड हर वक्त तैयार रखा जाये तो हादसों में गम्भीर रूप से घायल यात्रियों को तुरन्त राहत मिल सकती है।
यह है स्टाफ
चिकित्सक के नाम पर यहां फिलहाल एक ही डॉक्टर है। नर्सिग स्टाफ में महज एक पुरुष जीएनएम व एक एएनएम ही है। यहां चतुर्थ श्रेणी के दो व स्वीपर का पद रिक्त से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अरजनसर-पल्लू मेगा हाइवे पर स्थित जैतपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भी सुविधाओं का टोटा होने से मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
छह किसानों को मिली खातेदारी हक
दियातरा. नोखड़ा गांव में शनिवार को न्याय आपके द्वार शिविर में शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी जयसिंह मेघवाल व राजस्व तहसीलदार हुकुमसिंह शेखावत ने गांव के छह काश्तकारों को खातेदारी के प्रमाण पत्र दिए। खातेदारी मिलने पर काश्तकारों ने खुशी जताई।
शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं के मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष सांवलाराम मेघवाल ने गांव की आबादी भूमि का सीमाज्ञान करवाने की मांग का ज्ञापन दिया। शिविर में सरपंच प्रतिनिधि महेंद्रगिरी, नारायणसिंह, मोहरसिंह, जगदीश पंवार मौजूद थे।