
बीकानेर. शहर में महिलाओं व छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से बुधवार को लेडी पैट्रोलिंग यूनिट की शुरुआत की गई। यूनिट में १२ महिला कांस्टेबल शामिल हैं। ये दुपहिया वाहन पर सुबह से शाम तक शहर के विभिन्न इलाकों में गश्त करेंगी। बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक डॉ. बीएल मीना, जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम एवं पुलिस अधीक्षक प्रदीप मोहन शर्मा ने सुबह ११:१५ बजे हरी झंडी दिखाकर यूनिट को रवाना किया।आइजी डॉ. मीना ने कहा कि लेडी पैट्रोलिंग यूनिट से शहर में महिलाओं व छात्राओं से होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। महिलाएं व छात्राएं बेखौफ आ-जा सकेंगी। एसपी शर्मा ने कहा कि यह यूनिट सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक शहर के छह थाना क्षेत्रों में गश्त करेगी। पहले चरण में यह यूनिट दिन में ही निगरानी रखेगी। बाद में इस दल में अन्य महिला सिपाहियों को शामिल कर रात ११ बजे तक व्यवस्था लागू करेंगे। महिला गश्ती दल मनचलों पर रखेगा और महिलाओं से छेड़छाड़ करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगा।
गश्ती दल अहम
महिला टास्क फोर्स की समन्वयक डॉ. प्रभा भार्गव ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए महिला पुलिस गश्ती दल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हर व्यक्ति के पीछे पुलिस तैनात नहीं हो सकती, ऐसे में परिवारों मेंं नारी मर्यादा के संस्कार सिखाए जाने चाहिए। बाल कल्याण समिति की सदस्य अरुणा भार्गव ने भी महिला पुलिस पैट्रोलिंग व्यवस्था को अच्छी पहल बताया।
वाट्सएेप पर मांग सकेंगी मददएएसपी सिटी पवनकुमार मीणा ने बताया कि लेडी पैट्रोलिंग यूनिट के लिए पुलिस कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में अलग से वाट्सएेप नंबर (८४६४८५२५९५) अलॉट किया गया है। यह नंबर २४ घंटे चालू रहेगा। इस नंबर पर महिलाएं व छात्राएं छेड़छाड़ की शिकायत कर सकेंगी।
आइजी ने किया निरीक्षण
लेडी पैट्रोलिंग यूनिट को रवाना करने के बाद आइजी डॉ. मीना ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां विभिन्न शाखाओं में कार्य व्यवस्था देखी।