
बीकानेर. परिवार की सुख-समृद्धि के लिए महिलाओं ने शनिवार को ऊभ छठ पर्व मनाया। उन्होंने दिनभर उपवास रखा और रात को चंद्रमा को अघ्र्य देने के बाद उपवास का पारणा किया। परम्परा के अनुसार महिलाओं ने शृंगार करने के बाद नए वस्त्र धारण किए। शाम ढलने के बाद नहीं बैठी। मान्यता के अनुसार एक धान का सेवन किया। भोजन में पूड़ी व सांगरी की सब्जी व बालुशाही का सेवन किया। कई महिलाओं ने उपवास का उद्यापन किया। इसमें बहन-बेटियों के यहां भोजन व मिठाई भेजी गई। ऊभ छठ के अवसर पर लक्ष्मीनाथजी मंदिर में महिलाओं का सैलाब उमड़ा।
जिन महिलाओं और बालिकाओं ने उपवास रखा था, वे रात आठ बजे मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंची। मंदिर परिसर के पार्कों में लगे झूलों पर लुत्फ उठाया। परम्परा के अनुसार रात्रि को 8 बजे से चन्द्रोदय तक मंदिर में केवल महिलाओं को ही प्रवेश दिया गया। दर्शन के बाद महिलओं ने ऊभ छठ माता की कथा सुनी। इस अवसर लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर को रंगीन रोशनियों से सजाया गया। मंदिर में मेले सा माहौल रहा। मंदिर परिसर के बाहर पुलिस प्रशासन ने माकूल इंतजाम किए। लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास समिति के सदस्यों ने भी व्यवस्था में भागीदारी निभाई।
भक्त प्रहलाद व ध्रुव की कथा सुनाई
बीकानेर. कोलासर-बच्छासर रोड स्थित गोमती वृन्दावन धाम, गोमती कृषि फार्म में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन शनिवार को कथावाचक शुक्राचार्य पीठाधीश डॉ. रमेशचन्द्रचार्य महाराज ने विभिन्न कथाओं की प्रसंग के साथ व्याख्या की। उन्होंने ध्रुव चरित्र और भक्त प्रहलाद की कथाओं का वर्णन करते हुए कहा कि ईश्वर की सत्ता सर्वव्यापी है। लगन, निष्ठा, श्रद्धा व प्रेम से भगवान की प्राप्ति सहज हो जाती है।
उन्होंने ध्रुव महाराज की कथा के सूत्र और सिद्धांत जीवन में अपनाने की बात कही। भक्त प्रहलाद की कथा का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि भक्त की इच्छा और भक्तों को अभय देने के लिए भगवान सर्वत्र और हर जगह उपस्थित हो जाते है। इससे पूर्व कथा स्थल पर वैदिक ब्राह्मणों ने देव पूजन, यज्ञादि अनुष्ठान करवाए। उपाध्याय परिवार की ओर से आयोजित भागवत कथा को सुनने के लिए बडी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।