बीकानेर

रेल यात्रियों के लिए आई ये बड़ी खबर, अब ट्रेनों में यात्रा करना होगा आसान

रेलवे सुरक्षा के लिहाज से सभी ट्रेनों में एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच लगाएगा। इसकी कवायद शुरू हो गई है।
2 min read
• •
Updated: 29 Apr 2018, 12:07 PM IST
LHB coach train
एलएचबी कोच ट्रेन

बीकानेर . रेलवे सुरक्षा के लिहाज से सभी ट्रेनों में एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच लगाएगा। इसकी कवायद शुरू हो गई है। महानगरों की तर्ज पर बीकानेर मंडल की ट्रेनों में भी इस तरह के कोच लगाना प्रस्तावित है। पहले चरण में एक मई से गंगानगर से नांदेड के बीच चलने वाली ट्रेन से इसकी शुरुआत होगी। आने वाले दिनों में कोच की उपलब्धता के आधार पर बीकानेर से चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इसकी कार्य योजना बनाई जा रही है। अभी बीकानेर से कोच्चिवली, चेन्नई एक्सप्रेस में ऐसे कोच हैं।

महानगरों में चलने वाली राजधानी, शताब्दी सहित कई ट्रेनों में पहले से ही इस तरह के कोच हैं। अब रेलवे धीरे-धीरे देश के अन्य शहरों से चलने वाली एक्सप्रेस, मेल ट्रेनों में भी इस तरह के कोच लगाने की योजना बना रहा है। पंजाब के कपूरथल्ला स्थित रेलवे के कारखाने में इस तरह के कोच तैयार किए जा रहे हैं। कोई दुर्घटना होने पर इस कोच में ज्यादा नुकसान नहीं होता है, इसलिए इसे सुरक्षित माना जा रहा है।

बीकानेर से बांद्रा के लिए नियमित व साप्ताहिक ट्रेन, बीकानेर-कोलकता एक्सप्रेस, बीकानेर-दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेनों में एलएचबी कोच अभी तक नहीं लगे हैं। आने वाले दिनों में इन ट्रेनों में भी ये कोच लग सकते हैं।

एलएचबी कोच की खास बातें
उच्च तकनीक से निर्मित, दुर्घटना में सुरक्षित साबित होते हैं।
समयावधि (उम्र) 35 साल है, जबकि सामान्य कोच की अवधि 25 साल।
रखरखाव 18 माह या 6 लाख किमी चलने के बाद किया जा सकता है।
बॉयोटॉयलेट की सुविधा।
160 से 200 किमी प्रति घंटे तक दौड़ सकने की क्षमता है।
ट्रेन चलने पर यह सामान्य कोच से 40 प्रतिशत आवाज (ध्वनि) कम करते हैं।
सामान्य कोच से 1.7 मीटर लंबे।
80 सीटें, जबकि सामान्य कोच में 65 से 72 तक सीटें होती है।
एसी सामान्य ट्रेनों से ज्यादा पावरफुल।

उपलब्धता पर लगेंगे
बीकानेर मंडल की अन्य ट्रेनों में भी आने वाले दिनों में एलएचबी कोच लगाए जाने की योजना है। जैसे-जैसे कोच उपलब्ध होंगे, ट्रेनों में लगाए जाएंगे।
अभय शर्मा, वरिष्ठ वाणिज्य मंडल प्रबंधक, बीकानेर

सभी ट्रेनों में लगें एलएचबी कोच
बीकानेर मंडल से चलने वाली सभी एक्सप्रेस व मेल ट्रेनों में एलएचबी कोच लगाने चाहिए। ये कोच मजबूत व सुरक्षित होते हैं। इनमें बैठने की क्षमता भी अधिक है। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
विनोद भटनागर, सदस्य, सीनियर सिटीजन फोरम

Published on: