
पाली. हेरिटेज के नजरिए से मारवाड़-मावली रेल खंड पर संचालित उत्तर-पश्चिम रेलवे की एकमात्र मीटरगेज रेल को रेलवे बोर्ड ने बंद कर दिया है। रेलवे बोर्ड की ओर से शनिवार को जारी आदेश में इस रेल को बंद करने के कारणों का खुलासा तो नहीं किया गया है, लेकिन बताया जा रहा है कि सुरक्षा कारणों के चलते इस रेल को आगामी आदेशों तक बंद किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के अफसरों ने शनिवार को रेलवे बोर्ड के आदेशों का हवाला देते हुए इस रेल के दोनों फेरों को आगामी आदेशों तक बंद करने का फरमान जारी कर दिया है। लगभग डेढ़ सौ किलोमीटर लम्बा यह मार्ग हेरिटेज के नजरिए से महत्वपूर्ण है। इस रेल खंड में कामलीघाट-गोरमघाट से आगे निकलते ही यात्रियों को कुदरत की ओर से मारवाड़ की धरती को नैमत के रूप में बख्शी गई अनुपम सुंदरता का अहसास हो जाता है।
आमान परिवर्तन की तैयारियां
केन्द्रीय बजट में मारवाड़ जंक्शन से नाथद्वारा तक के रेल मार्ग को मीटरगेज से ब्राडगेज में परिवर्तित करने के लिए पिछले दिनों 1597 करोड़ रुपए का ऐलान हो चुका है। बजट से पहले रेल मंत्रालय ने वित्त मंत्रालय को प्रस्तुत दस्तावेजों में 152 किमी लंबे मावली-मारवाड़ रेल मार्ग के आमान परिवर्तन की अनुमानित लागत 1597 करोड़ मानी थी, लेकिन उत्तर पश्चिम रेलवे के निर्माण विभाग ने नए सर्वे में 168 किमी ट्रैक का आमान परिवर्तन करने की आवश्यकता बताई। जिसकी लागत 2181.71 करोड़ होगी। रेल लाइन के आमान परिवर्तन में बड़ा रोड़ा खामलीघाट, गोरमघाट, फुलाद में घाट सेक्शन से था। बड़ी लाइन का सर्वे घाट सेक्शन को छोड़ते हुए नए रूट से किया गया है। रेलवे ने घाट सेक्शन को पर्यटकों के लिए विंटेज ट्रेन चलाने के लिए सुरक्षित रखते हुए 2016 में बड़ी लाइन का ट्रैक घाट सेक्शन के पहाड़ों के बाहर बिछाने का निर्णय किया था।
ये हैं हॉल्ट स्टेशन
मावली, थामला मोगाणा, नाथद्वारा, कांकरोली, कुंवारिया, लावा सरदारगढ़, चारभुजा रोड, खारा कमेरी, दौलाजी का खेड़ा, देवगढ़-मदारिया, खामलीघाट, गोरमघाट, फुलाद, राणावास, मारवाड़ जंक्शन। ट्रैक पर अभी मावली, नाथद्वारा, चारभुजा रोड, खामलीघाट, फुलाद, मारवाड़ जंक्शन स्टेशन पर ही रेलवे के कर्मचारी है। रेलवे शेष सभी स्टेशनों से कर्मचारियों को हटा चुका है। कांकरोली स्टेशन पर बुकिंग क्लर्क ही है।
कारणों का खुलासा नहीं
रेल बोर्ड ने गाड़ी संख्या 52073 मारवाड़ जं.-मावली सवारी गाड़ी और गाड़ी संख्या 52074 मावली-मारवाड़ जं. सवारी गाड़ी को अग्रिम आदेश तक रद्द करने का ऐलान किया है। आदेशों में कारणों का खुलासा नहीं किया गया है।
-अशोक चौहान, मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी, उत्तर-पश्चिम रेलवे अजमेर
Published on:
29 Apr 2018, 11:40 AM IST
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.