
बीकानेर . आहार नली में कैंसर की गांठ को ऑपरेशन कर निकाल चिकित्सकों ने एक युवक को नया जीवन दिया है। चिकित्सक ने मरीज की आहार नली के साथ डायफ्राम के कुछ हिस्से को अलग कर कैंसर की गांठ को निकाला। बाद में आमाशय की ट्यूब से नई आहार नली बनाई। १० दिन पहले किए गए इस ऑपरेशन के बाद मरीज अब स्वस्थ है और मुंह से खाना खाने लगा है। ऑपरेशन बीकानेर के वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. जितेन्द्र नांगल व उनकी टीम ने किया।
हरियाणा के कैथल निवासी अनिल (२३) को करीब ढाई महीने पहले खाना निगलने में दिक्कत होने लगी। कुछ समय बाद तरल पदार्थ भी निगलने में दिक्कत होने लगी। कई चिकित्सकों को दिखाने के बाद भी आराम नहीं मिलने पर उसने बीकानेर में श्रीमती उमादेवी भटमाल मेमोरियल नांगल कैंसर हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर (एनसीएचआरआई) के निदेशक एवं वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. जितेन्द्र नांगल से संपर्क किया।
डॉ. नांगल ने अनिल की एंडोस्कोपी कराई। जांच में पता चला कि आहार नली के नीचले एवं स्टोमक के ऊपरी हिस्से में घाव है। बाद में उसकी बायोप्सी कराने पर कैंसर की पुष्टि हुई। सीटी स्केन कराने पर आहार नली के नीचे और स्टोमक के ऊपर १० गुणा आठ सेंटीमीटर की गांठ पाई गई।
यूं बनाई आहार नली
लिनियर कटर स्टेपलर की सहायता से अमाशय की ट्यूब से आहार नली बनाई गई। बाद में ट्यूब को छाती के रास्ते से हार्ट के पिछे से ले जाकर गर्दन में लाकर वापस आहार नली के ऊपरी हिस्से से जोड़ा गया। ऑपरेशन करने वाली टीम में डॉ. नांगल के अलावा एनेस्थिसिया चिकित्स डॉ. सविता राठी, अश्विन, एकता, दामोदर, प्रेम शामिल थे।
अब तक १०० ऑपरेशन
डॉ. नांगल अब तब आहार नाल के १०० से अधिक ऑपरेशन कर चुके हैं, लेकिन कम उम्र के दो ऑपरेशन कर चुके हैं। एक छह माह पहले किया था और एक अब किया है। दोनों ऑपरेशन सफल
रहे हैं।
बेहद जटिल ऑपरेशन
साधारणतया इतनी कम उम्र में आहार नली का कैंसर होता नहीं है। ऑपरेशन बेहद जटिल था। आहार नली को निकाला और फिर आमाशय की ट्यूब से आहार नली बनाई गई। ऑपरेशन में रक्तस्राव का खतरा अधिक रहता है, जिससे मरीज की जान भी जा सकती है। ऐसे में सभी पहलुओं पर बारीकी से अध्ययन कर ऑपरेशन का निर्णय किया गया।
डॉ. जितेन्द्र नांगल, वरिष्ठ कैंसर सर्जन, एनसीएचआरआई
ऐसे किया ऑपरेशन
पेट के रास्ते आहार नली को खून की नसों व अमाशय से अलग किया। इसके बाद डायफ्राम (छाती व पेट को अलग करने वाली मांसपेशी) के कुछ हिस्से को निकाला गया। गर्दन में बायीं तरफ से आहार नली को सांस की नली से अलग किया। ऑपरेशन में करीब छह घंटे का समय लगा। इस ऑपरेशन को मेडिकल भाषा में ट्रांस हाइटल इसोफेजेक्टोमी पारसियल गेस्ट्रक्टोमी एवं गेस्ट्रिक पुलअप कहा जाता है।