बीकानेर

राजस्थान के इस विश्वविद्यालय में शहीद आश्रितों और थर्ड जेंडर को मिलेगी नि:शुल्क उच्च शिक्षा

विश्वविद्यालय की विद्या परिषद बैठक में हुए निर्णय,36 विषयों के पाठ्यक्रमों का अनुमोदन किया  
2 min read
• •
Updated: 22 May 2018, 12:41 PM IST
Maharaja Gangasingh University
राजस्थान के इस विश्वविद्यालय में शहीद आश्रितों और थर्ड जेंडर को मिलेगी नि:शुल्क उच्च शिक्षा

बीकानेर . महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय शहीदों के आश्रितों और थर्ड जेंडर श्रेणी के विद्यार्थियों को नि:शुल्क शिक्षा मुहैया कराएगा। यह निर्णय विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोमवार को विद्या परिषद की १७वीं बैठक में लिया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर भागीरथ की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बैठक में जनवरी में आयोजित अध्ययन मण्डल की ओर से सत्र 2018-19 के लिए तैयार पाठ्यक्रम प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया। उप कुलसचिव बिठ्ठल बिस्सा ने बताया कि वर्तमान में विश्वविद्यालय में छह संकायों के अन्तर्गत छत्तीस विषयों के पाठ्यक्रमों का अनुमोदन किया गया।

गत सत्र में विश्वविद्यालय ने पाठ्यक्रमों में व्यापक परिवर्तन कर समयानुकूल पाठ्यक्रम का निर्धारण किया था। साथ ही परीक्षा प्रणाली में भी परिवर्तन किया। उक्त परिवर्तनानुसार ही सत्र 2018-19 पाठ््यक्रमों का निर्धारण किया गया है। बैठक में राज्यपाल की ओर से नामित सदस्य डॉ जी.एस. रघुवंशी, राज्य सरकार के प्रतिनिधि के रूप में डॉ सुरेन्द्र डी सोनी, डॉ. संतोष राजपुरोहित, डॉ. रामसिंह राजावत, डॉ. एस.एन. शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्थान सरकार के प्रतिनिधि के रूप में डॉ. दिग्विजय सिंह , अधिष्ठाता, डॉ. बेला भनोत, प्रो. अनिल कुमार छंगाणी, डॉ सुरेन्द्र सहारण सहित समस्त अध्ययन मण्डलों के संयोजक एवं प्रो. राजाराम चोयल एवं कार्यवाहक कुलसचिव डॉ जे.एस. खीचड उपस्थित थे।

नए पाठ्यक्रम जारी होंगे

बैठक के महत्वपूर्ण निर्णयों में सत्र 2018-19 से विश्वविद्यालय में पांच वर्षीय विधि पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय शामिल है। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक एवं शोध गुणवत्ता, आधारभूत संरचना एवं परिसर की स्वच्छता आदि बिन्दुओं के आधार पर महाविद्यालयों को ग्रेडिंग प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।

विश्वविद्यालय में पहली बार नवाचार करते हुए परीक्षा व्यवस्था, अध्यापन पद्धति एवं शोध में नवाचार, ढांचागत विकास, तकनीकी परिवर्तन एवं गुणात्मक सुधार को लेकर भारत की प्रमुख नामचीन संस्थाओं का अवलोकन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करते के लिए विश्वविद्यालय प्रतिनिधि मण्डल के गठन करने का निर्णय भी लिया गया। कौशल विकास एवं रोजगार सृजक पाठ्यक्रम प्रारम्भ करने के लिए नए पाठ्यक्रमों में डिप्लोमा इन कर्मकाण्ड एण्ड ज्योतिष , डिप्लोमा इन लैब टैक्नीकल अस्सिटेंट, बी.एससी एण्ड एम.एससी योगा स्टडीज, पीजी डिप्लोमा इन बैंकिग एण्ड फाइनेंस आदि पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्णय है।

Published on: