
बीकानेर. सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में 500 किलोवाट क्षमता का रूफ टॉप सोलर प्लांट लगेगा। इसके लिए जनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन की ओर से सीएसआर फण्ड से 3 करोड़ 67 लाख 7500 रुपए जारी किए गए हैं। कॉलेज में इस प्लांट के स्थापित होने से ना केवल विद्युत बिल की राशि में कटौती होगी, बल्कि बिजली की निर्बाध आपूर्ति भी सुनिश्चित हो पाएगी।
केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की अनुशंसा पर सीएसआर फण्ड से यह राशि स्वीकृत की गई है। मेडिकल कॉलेज से पीबीएम अस्पताल भी सम्बद्ध है। कॉलेज के मुख्य भवन की छत पर लगभग 5 हजार वर्गफुट क्षेत्र में रूफ टॉप सोलर प्लांट स्थापित होगा।
एक करोड़ की बचत
केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के अनुसार इस प्लांट के स्थपित होने से पहले साल में करीब 70 लाख रुपए एवं आगामी 25 वर्षो में लगभग 25 करोड़ रुपए की बचत होगी। साथ ही बिजली की निर्बाध आपूर्ति भी सुनिश्चित होगी।
जताई प्रसन्नता
सीएसआर फण्ड से रूफ टॉप सोलर प्लांट के लिए राशि स्वीकृत होने पर भाजपा पदाधिकारियों ने प्रसन्नता जताई। सांसद सेवा केन्द्र प्रवक्ता के अनुसार शहर भाजपा अध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, महापौर नारायण चोपड़ा, नन्दकिशोर सोलंकी, मोहन सुराणा, पाबूदान सिंह राठौड़, दाऊलाल हर्ष, जेपी व्यास, मोतीलाल हर्ष ने केन्द्रीय मंत्री मेघवाल का आभार जताया।