
बीकानेर . नगर निगम कर्मचारियों को प्रतिमाह एक तारीख को वेतन भुगतान करने, पदोन्नत हुए जमादारों को फील्ड ड्यूटी पर लगाने सहित कई मांगों को लेकर नगर निगम कर्मचारियों ने बुधवार को उपायुक्त के समक्ष दस सूत्री मांगें रखी।
कर्मचारी नेता शिवलाल तेजी व रतन लाल चांवरिया के नेतृत्व में निगम के विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस बात पर रोष जताया कि निगम कर्मचारियों को एक तारीख को वेतन का भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों के बैंक ऋण, एलआईसी इत्यादि की मासिक किश्तों में अनावश्यक ब्याज व पेनल्टी लग रही है।
इससे कर्मियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। कर्मचारियों ने निगम की भूमि पर निगम कर्मचारियों को रियायती दर पर भूखण्ड आंवटन करने, जमादार, खलासी, वाहन चालक, लोहार, वेल्डर आदि को पदोन्नति देने, सेवानिवृत कर्मचारियों को बकाया भुगतान शीघ्र करवाने व पेंशन प्रकरणों का निस्तारण करने,
सफाई कर्मचारी पद पर नियुक्त कार्मिकों को सफाई कार्य में ही लगाने, पदोन्नति मंडल की बैठक बुलाकर बकाया पदोन्नति करने, जनसंख्या के आधार पर सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति करने आदि की मांगें रखी गई। ज्ञापन में समस्याओं पर सात दिवस में कोई कार्रवाई नहीं होने पर आन्दोलन करने की बात कही गई।
ये रहे उपस्थित
उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने के दौरान गणेश चन्देलिया, गजराज चांवरिया, रामप्रसाद चांवरिया, चन्द्रकांत घारू, महेन्द्र भाटिया, जसवीर गहलोत, रमेश सियोता, बुलाकी सियोता, मोहन पडि़हार सहित राजस्थान सफाई कर्मचारी संघ, मेहतर श्रमिक संघ, जमादार एकता संघ, राष्ट्रीय सफाई मजदूर कांग्रेस इंटक, तकनीकी कर्मचारी संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
ट्रैक सूट वितरण पर उठे सवाल
नगर निगम की ओर से निकाली गई स्वच्छता रैली के दौरान पार्षदों और कुछ कर्मचारियों को वितरित किए गए ट्रैक सूट पर बुधवार को सफाई कर्मचारियों को ट्रैक सूट नहीं दिए जाने पर सवाल उठाए। राजस्थान सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रतन लाल चांवरिया ने विरोध जताते हुए कहा कि निगम अधिकारी कर्मचारियों में भेदभाव रख रहे है। चांवरिया ने सफाई कर्मचारियों को भी ट्रैक सूट दिए जाने की मांग रखी।