नाल थाना क्षेत्र में छह महीने पहले जाटी पुलिया के पास व्यक्ति की हत्या कर फेंके गए शव के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
बीकानेर/नाल. नाल थाना क्षेत्र में छह महीने पहले जाटी पुलिया के पास व्यक्ति की हत्या कर फेंके गए शव के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। एटीएम कार्ड की मदद से पुलिस आरोपित तक पहुंच पाई। आरोपित को गुरुवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
सीआई धरम पूनिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित बारहगुवाड़ निवासी प्रेमसागर (२२) पुत्र बालकृष्ण ब्राह्मण कोलकाता में रहता है। उसे कोलकाता से दस्तयाब कर बीकानेर लाया गया है। आरोपित से मृतक विजय कुमार का एटीएम कार्ड भी बरामद हो गया है। पुलिस छह महीने से इस मामले की गुत्थी को सुलझाने में जुटी थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीओ सदर राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सीआई धरम पूनिया, एसआई बूटासिंह एवं रामकुमार की टीम गठित की गई। वारदात को सुलझाने के लिए साइबर सेल के कांस्टेबल दीपक यादव की मदद ली गई। यादव की सक्रियता से आरोपित प्रेमसागर पकड़ में आया।
हत्या की साजिश में शामिल आरोपित
सीआई ने बताया कि मुख्य आरोपित आत्माराम व विजयकुमार कोलकाता गए थे, तब प्रेमसागर से मिले। बाद में आत्माराम ने प्रेमसागर को बीकानेर बुलाया। आत्माराम ने प्रेमसागर को एटीएम कार्ड देते हुए कहा कि विजयकुमार की हत्या कर दी है। प्रेम सागर एटीएम कार्ड से बार-बार रुपए निकालता रहा और आत्माराम को देता रहा था । उसने पेटीएम से भी रुपए अपने खाते में ट्रांसफर किए थे। हत्याकांड में आत्माराम के अलावा भी कई लोग शामिल हैं।
यह था मामला
नाला क्षेत्र में २१ अक्टूबर, २०१७ को जाटी पुलिया के पास एक व्यक्ति का शव मिला था, जिसकी पहचान हनुमान हत्था निवासी विजयकुमार पुत्र प्रहलाद जोशी के रूप में हुई थी। इसकी गुमशुदगी सदर थाने में दर्ज थी। बाद में मृतक की माता राजकुमारी देवी के हत्या की आशंका जताने पर हत्या का मामला दर्ज हुआ था ।