
बीकानेर. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद्, राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केंद्र, बीकानेर ने ऊंटनी के दूध से बनने वाले खाद्य उत्पादों की श्रृंखला में एक और इजाफा किया है। बुधवार को केंद्र ने कैमल मिल्क आइसक्रीम लॉन्च कर बिक्री शुरू कर दी। केन्द्र के मिल्क पार्लर में 20 रुपए प्रति नग से इसकी दर शुरू है। जो विभिन्न आकर्षक पैकिंग में करभ आइसक्रीम के नाम से उपलब्ध है। इसका आमजन के साथ विदेशी पर्यटक भी उपयोग कर सकते हैं।
यह उत्पाद बटर स्कॉच, वनीला, पाईनएप्पल और केसर सहित अलग-अलग फ्लेवर में उपलब्ध रहेगा। एनआरसीसी में आइसक्रीम की यह सुविधा समारोह आदि आयोजन के लिए भी पूर्व बुकिंग सूचना के आधार पर उपलब्ध रहेगी। कैमल मिल्क आइसक्रीम की बिक्री के शुभारम्भ पर केन्द्र निदेश्क डॉ. एनवी पाटिल ने कहा कि केन्द्र डेढ़ दशक से ऊंटनी को दुधारू पशु के रूप में स्थापित करने के लिए प्रयास रत है। इसी के तहत अनुसंधान की ओर से दूध की औषधीय गुणवत्ता सिद्ध की है, वहीं कैमल डेयरी, मिल्क पार्लर की स्थापना कर ऊंट पालकों को इस व्यवसाय के लिए प्रेरित किया है।
उद्यमी प्रशिक्षण लेकर व्यवसाय कर सकेंगे
निदेशक डॉ. पाटिल ने कहा कि केन्द्र में निर्मित ऊँटनी के दुग्ध उत्पादों के निर्माण की पद्धति जानने-सीखने के लिए किसान, उद्यमी प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं, ताकि वे अपने स्तर पर व्यवसाय शुरू कर सके। उष्ट्र दुग्ध प्रसंस्करण इकाई प्रभारी डॉ. देवेन्द्र कुमार ने बताया कि केन्द्र के इस उत्पाद में ऊंटनी के दूध में क्रीम, शुगर, फूड ग्रेड कलर व सुगन्ध का इस्तेमाल किया गया है। डॉ. देवेन्द्र ने कहा कि हाल में आइसक्रीम प्लांट लगाया है। इसमें मिल्क होमोजेनाईजर, बैच आइसक्रीम फ्र ीजर, आइसक्रीम हार्डनिंग कैबिनेट शामिल है।