
सुजानगढ़ रोड पर हादसे में नौ लोगों की मौत के बाद भी लोगों ने हादसे से सबक नहीं लिया है। वहीं पुलिस और परिवहन विभाग भी इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। हादसे के दूसरे दिन भी आसपास के क्षेत्र में कई ओवरलोड वाहन दिखाई दिए।शहर के आस-पास के गांवों से रोजाना डेढ़ दर्जन से अधिक पिकअप गाडिय़ां सवारियों को लेकर पहुंचती है।
इनमें अधिकतर मजदूर पेशा वर्ग के वे लोग होते हैं। रायसर, बिरमसर, कंवलीसर, चरकड़ा, सीलवा, हिमटसर, काकड़ा, जसरासर, पांचू, सारूंडा, कक्कू, सिंजगुरु आदि रूट से नोखा आने वाली ओवरलोड पिकअप गाडिय़ां सुबह-शाम पुलिस और परिवहन विभाग के दस्ते को दिखती है लेकिन कार्रवाई नहीं करते।
दोनों विभागों की अनदेखी से माल की जगह यात्रियों के परिवहन में उपयोग हो रही इन पिकअप गाडिय़ों पर कोई अंकुश नहीं है। तेज गति और ओवरलोड होने से अनियंत्रित गाडिय़ां आए दिन सड़क दुर्घटना का कारण बनती है।
मंगलवार को माडिया गांव के पास हादसे का शिकार हुई पिकअप में तीस से अधिक लोग सवार थे, हादसे में नौ जनों की जान चली गई, लेकिन परिवहन विभाग नहीं चेता। बुधवार को इन गाडिय़ों की रोकटोक के लिए किसी ने जहमत नहीं उठाई।
यहां रहता जमावड़ा
बीकानेर रोड, नागौर रोड, लखारा चौक, सुजानगढ़ रोड, मरोठी चौक, तहसील रोड व अन्य जगहों पर पिकअप गाडिय़ों का दिनभर जमावड़ा रहता है। रोजाना चलने वाली पिकअप गाडिय़ों के चालकों के पास वैध ड्राइङ्क्षवग लाइसेंस तक नहीं होता। गाडिय़ों की इंश्योरेंस, फिटनेस आदि जरुरी जांच भी परिवहन विभाग नहीं करता।
मृतकों की संख्या हुई नौ, सभी का अंतिम संस्कार
सुजानगढ़ रोड पर माडिया गांव के पास मंगलवार को हुए सड़क हादसे में मृतकों की संख्या नौ हो गई। सभी मृतकों का पोस्टमार्टम होने के बाद बुधवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। नोखा थाना पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात को एक घायल की मृत्यु होने के बाद मृतक संख्या आठ से नौ हो गई थी।
ज्ञात हो कि मंगलवार को सुजानगढ़ रोड पर माडिया गांव के पास पिकअप और बस की टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई थी। सभी मृतक पिकअप सवार अणखीसर गांव में अपने रिश्तेदार की मृत्यु पर ओढ़ावणी करके वापस आ रहे थे। इनके सामने से आ रही लोक परिवहन बस ने पिकअप के टक्कर मार दी।
इनकी हुई मौत
पिकअप में सवार मंगलाराम, दानाराम, सुवटी, मुकेश, सुगनी, सुशीला, रावणाराम पुत्र नत्थाराम तथा मालूराम पुत्र रावलराम की मौत हो गई थी। हादसा इतना खतरनाक था कि मौके पर जीप के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही आधा दर्जन की मौत हो गई।
चालक के खिलाफ मामला दर्ज
उधर दुर्घटना में बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतकों के रिश्तेदार मांगी लाल पुत्र फूसाराम सांसी ने नोखा थाना पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। परिवादी मांगी लाल ने रिपोर्ट में लिखवाया कि बस चालक ने गफलत और लापरवाही से बस चलाते हुए पिकअप को टक्कर मारी, जिससे पिकअप में सवार अधिकतर सवारियों की मौत हो गई थी। पुलिस ने लोक परिवहन बस के चालक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।