
बीकानेर. एसपी मेडकल कॉलेज चौराहे के पास २६ दिन पहले सड़क किनारे पड़े शव को दो घंटे तक नहीं उठाने के मामले में दो पुलिस कर्मचारियों को नोटिस दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो गई है। नोटिस पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा ने जारी किए हैं।
सीओ सदर राजेन्द्रसिंह ने बताया कि जेएनवीसी थाने के एएसआई जगदीश और सदर थाने के हैडकांस्टेबल अनिल को १७ सीसीए का नोटिस दिया गया है। यह मामला काफी गंभीर है। सदर व जेएनवीसी थाने के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। इसके बावजूद उन्होंने शव को कस्टडी में लेकर पीबीएम अस्पताल के मुर्दाघर में नहीं रखवाया और क्षेत्राधिकार को लेकर अड़ गए। बाद में उच्चाधिकारियों तक मामला जाने पर शव मुर्दाघर में रखवाया।
गैर जिम्मेदार रवैया
सीओ सदर राजेन्द्रसिंह ने इस मामले की जांच की। जांच में उन्होंने पाया कि दोनों ही थानों की पुलिस ने इस मामले में गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाया। पुलिस की पहली प्राथमिकता थी कि शव को सड़क से उठाकर मुर्दाघर में रखवाया जाए। क्षेत्राधिकार की बात बाद में की जा सकती थी। सीओ सदर ने इस मामले में एएसआई जगदीश और हैड कांस्टेबल अनिल को दोषी माना।
सीओ सदर ने इस मामले की जांच कर पुलिस अधीक्षक गोदारा को रिपोर्ट सौंपी थी।एसपी मेडिकल कॉलेज चौराहे के पास १५ मार्च की सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिला। सूचना मिलने पर सदर पुलिस थाने से हैड कांस्टेबल अनिल एवं जेएनवीसी थाने से एएसआई जगदीश मौके पर पहुंचे, लेकिन शव नहीं उठाया। दोनों थानों की पुलिस के अधिकारी क्षेत्राधिकार को लेकर उलझते रहे। युवक की पहचान रामपुरा बस्ती गली नंबर नौ निवासी गंगासिंह राजूपत के रूप में हुई थी।
'आपसी सौहार्द बना रहे, अफवाहों से बचें'
नाल. नाल थाने में सीएलजी व सद्भाावना समिति की बैठक सीओ सदर राजेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित की गई। सीओ सदर राजेन्द्र सिंह के अलावा नाल सीआई धरम पुनिया, बूटा सिंह , भगवान राम, सिविल एयर पोर्ट के चीफ एवियन्स अधिकारी हिमांशु शर्मा, एयर फोर्स के वारन्ट ऑफिसर राजपाल सिंह राठौड़ आदि ने सीएलजी सदस्यों की समस्याएं सुनकर आपसी सौहार्द बनाए रखने एवं अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
कार्रवाई के आदेश
बैठक मोहन सिंह, सीएलजी सदस्य ओम प्रकाश सोनी, सामाजिक कार्यकर्ता बिरजूराम मेघवाल, दिलीप सिंह आदि ने नाल, कोडमदेसर, कावनी आदि छेत्र की समस्याएं रखी व रात्रि गश्त के दौरान कई जगह खेले जा रहे जुए व शराबियों पर अंकुश लगाने की मांग रखी। इस पर सीआई धरम पूनिया ने त्वरित कार्रवाई के
आदेश दिए।