
नोखा शहर में नहरी पेयजल आपूर्ति शुरू करवाने की मांग को लेकर शुक्रवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें नहरी पेयजल परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने नोखा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति शुरू करने के लिए एक महीने का समय मांगा। अधिकारियों ने परियोजना से संबंधित शेष कार्यों को पूरा कर पानी की सप्लाई व्यवस्थित करने का आश्वासन दिया। बैठक में उपखंड अधिकारी प्रिया बजाज, नगरपालिका उपाध्यक्ष नारायण झंवर, आरयूआईडीपी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता भगवानाराम बिश्नोई, सहायक अभियंता मनीष बिश्नोई, प्रोजेक्ट मैनेजर बाबूलाल सुथार एवं पूनम बीकासर उपस्थित रहे। बैठक में नोखा शहर की नहरी पेयजल योजना की वर्तमान स्थिति और शेष कार्यों को लेकर चर्चा की गई।
अनशन की चेतावनी के चलते प्रशासन ने बुलाई बैठक
नोखा शहर में नहरी पानी की आपूर्ति शुरू करवाने की मांग को लेकर पूर्व संसदीय सचिव कन्हैयालाल झंवर ने 28 सितंबर को उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में 28 अक्टूबर तक नहरी पानी की आपूर्ति शुरू करवाने की मांग करते हुए मांग पूरी नहीं होने पर 29 अक्टूबर से उपखंड कार्यालय के सामने विकास मंच के पार्षदों एवं शहरवासियों के साथ आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी गई थी। अब अधिकारियों की ओर से एक महीने का समय मांगे जाने के बाद शहरवासियों को नहरी पानी के लिए इंतजार करना पड़ेगा।