
इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के तहत सत्र 2026-27 में बीकानेर जिले के हर सरकारी और निजी स्कूल से कक्षा 6 से 12 तक के कम से कम पांच नवाचारी विद्यार्थियों के मौलिक विचारों का ऑनलाइन नामांकन अनिवार्य किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक रामगोपाल शर्मा ने सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों को 15 सितंबर 2026 तक इ-एमआईएएल पोर्टल पर नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक विद्यालय से नवाचारी एवं वैज्ञानिक सोच रखने वाले विद्यार्थियों के कम से कम पांच मौलिक नवाचार ऑनलाइन नामांकित किए जाएंगे। इनमें से अधिकतम दो नामांकन कक्षा 11 या 12 के केवल विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के हो सकेंगे। शेष नामांकन अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों से किए जाने हैं।
हर ब्लॉक में नियुक्त होगा प्रभारी
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नामांकन की नियमित निगरानी के लिए प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर एक प्रभारी नियुक्त किया जाएगा। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, संस्था प्रधान और पीईईओ अपने क्षेत्र में अभियान चलाकर अधिकाधिक योग्य विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित करेंगे। जिन विद्यालयों का अभी तक पोर्टल पर पंजीकरण नहीं हुआ है, उन्हें तत्काल पंजीकरण कर अपनी विद्यालय प्रोफाइल अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से यूडाइस कोड की सही प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि विद्यार्थियों के नामांकन में किसी तरह की तकनीकी समस्या नहीं आए।
चयनित विद्यार्थियों को मिलेगी 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार की ओर से संचालित इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना को बढ़ावा देना है। चयनित नवाचारी विचारों के प्रस्तुतकर्ता विद्यार्थियों को 10,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाते में दी जाएगी। इसीलिए नामांकन के समय विद्यार्थियों के बैंक खाते की सक्रिय स्थिति, आधार सीडिंग और अन्य बैंक संबंधी विवरण का सत्यापन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।