बीकानेर

मरीजों को करना पड़ सकता है अब और परेशानी का सामना

परेशान मरीजों को अब और परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हड़ताल के चलते पीबीएम में ई और डी वार्ड बन्द कर दिए गए है।
2 min read
• •
Updated: 24 Dec 2017, 10:11 AM IST
doctor strike
डॉक्टर हड़ताल

बीकानेर . सेवारत और रेजीडेंट चिकित्सकों के बाद रविवार से जूनियर रेजीडेंट्स डॉक्टर भी हड़ताल पर चले जाएंगे। वहीं मेडिकल टीचर्स (चिकित्सा शिक्षक) ने 25 दिसम्बर को ओपीडी सेवाओं के बहिष्कार की घोषणा कर दी है। इससे पीबीएम सहित अन्य अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था ठप हो सकती है। परेशान मरीजों को अब और परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हड़ताल के चलते पीबीएम में ई और डी वार्ड बन्द कर दिए गए है।

चिकित्सकों से जुड़े संगठनों ने सरकार पर हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए कार्य बहिष्कार की घोषणा की है। जूनियर रेजीडेंट्स ने शनिवार को बताया कि सरकार चिकित्सकों के खिलाफ जो दमनात्मक कार्रवाई कर रही है, उसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा। रविवार को सुबह 9 बजे से सभी जूनियर रेजीडेंट्स चिकित्सक कार्य बहिष्कार करेंगे। उन्होंने कहा कि जूनियर रेजीडेंट चिकित्सकों की 15 से 18 घंटे ड्यूटी लगाई जा रही है।

एेसे में उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि 7 जनवरी को प्री पीजी परीक्षा निर्धारित है, जिसकी तैयारी के लिए उन्हें समय नहीं मिल पा रहा है। जूनियर रेजीडेंट्स की हड़ताल से एक दिन पूर्व शनिवार से इंटर्न छात्र भी हड़ताल पर चले गए। इससे चिकित्सा सेवा और प्रभावित हुई।

अन्याय बर्दाश्त नहीं
उधर, राजस्थान मेडिकल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन के सचिव डॉ. गुंजन सोनी ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि चिकित्सा शिक्षकों के साथ अन्याय बर्दास्त नहीं किया जाएगा। सोनी के अनुसार राज्य के चिकित्सा शिक्षकों का 21 मार्च, 2011 को मंत्रिमंडल उप समिति के साथ हुए समझौते में स्पष्ट सहमति दी गई थी कि मेडिकल कॉलेज में कार्यरत सीनियर डमोंस्ट्रेटर को चयनित वेतनमान दिया जाएगा।

इस संबंध में प्रशासनिक विभाग ने समकक्ष पद (चिकित्सा अधिकारी) के समान डीएसीपी के तहत तीन पदोन्नति 6,12 तथा 18 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर ग्रेड पे 6600, 7600 एवं 8700 दिए जाने के प्रस्ताव वित्त विभाग को भिजवाए थे, लेकिन छह वर्ष बाद भी इसे लागू नहीं किया गया है।

लड़खड़ाई व्यवस्था
चिकित्सकों की हड़ताल के चलते पीबीएम अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्था लड़खड़ा गई है। अधिकतर वार्ड से मरीजों को अवकाश दिया जा चुका है। सूत्रों की मानें तो आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर अधिकतर चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

Published on: