बीकानेर

गंभीर बीमारियों के उपचार मुहैया कराने के दावे बनते जा रहे खोखले, मरीज भटकने को मजबूर

PBM से संबद्ध आचार्य तुलसी कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर में यह दावे फेल होते नजर आ रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 10 May 2018, 12:13 PM IST
PBM hospital bikaner
PBM hospital bikaner

बीकानेर . सरकार भले ही गंभीर बीमारियों के मरीजों को हरसंभव उपचार मुहैया कराने का दावा कर रही हो, लेकिन पीबीएम से संबद्ध आचार्य तुलसी कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर में यह दावे फेल होते नजर आ रहे हैं। यहां कैंसर के मरीज १५ दिन से दवा के लिए भटक रहे हैं। भामाशाह योजना के लाभार्थी मरीजों को भी दवा नहीं मिल रही है। भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत खर्चा सरकार वहन कर रही है। इसके बावजूद मरीजों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा।

कतराने लगे हैं भामाशाह लाभार्थी
पीबीएम में भर्ती होने वाले मरीजों की हालत यह है कि वे अब भामाशाह योजना से कतराने लगे हैं। चिकित्सा सूत्रों के मुताबिक भामाशाह योजना के तहत आने वाले मरीजों के ऑपरेशन मेंकाम आने वाले इम्प्लांट, सामान व दवाइयां की खरीद नहीं हो रही है।

अस्पताल प्रशासन स्थानीय स्तर पर दवाएं व इम्पलांट खरीद रहा है, लेकिन वे पर्याप्त नहीं है। ऐसे में कई मरीज महीनेभर तक दवा व उपकरणों का इंतजार करते रहते हैं। इससे परेशान होकर भर्ती मरीज भामाशाह योजना से हटकर अपना इलाज कराने में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार अब अस्पताल प्रशासन ने भामाशाह के तहत दवाओं की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।

केस : १

भादरा तहसील के भाडी के रहने वाले ओमप्रकाश जांगिड़ (५१) कैंसर से पीडि़त हैं। वे भामाशाह बीमित होने के बावजूद १५ दिन से दवा के लिए भटक रहे हैं। उनके इलाज की जो दवा चल रही है, वह बाजार में काफी महंगी है। भामाशाह लाभार्थियों को नि:शुल्क दी जाती है, लेकिन दवा नहीं मिलने से वे १५ दिन से यहां बैठे हैं।

केस : २
रोहिताश डूडी (४८) ने कहा कि कैंसर इलाज की दवा के लिए २० दिन से बीकानेर में बैठा हूं। दवा मिल नहीं रही। भामाशाह योजना में पात्र हूं। बाजार में २० टेबलेट की कीमत करीब ३० हजार रुपए है। प्रशासन कैंसर मरीजों पर भी रहम नहीं कर रहा है। इलाज नि:शुल्क के चक्कर में खाने-रहने पर अधिक खर्च हो रहा है।

केस : ३
रामप्रताप नेहरा (४०) दवा के लिए पिछले १० दिन से भटक रहा है। उन्हें हर रोज यही जवाब मिलता है कि दवा एक दो-दिन में मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि भामाशाह योजना में पात्र होने के बावजूद दवा नहीं मिल रही है, जबकि कैंसर रोगियों के लिए अति आवश्यक दवाएं देने के लिए सरकार के विशेष निर्देश हैं। स्थानीय प्रशासन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

टेंडर होने में आ रही दिक्कत
कैंसर व आर्थोपेडिक की दवाओं के रेट सही नहीं आने से टेंडर होने में दिक्कत आ रही है, जिससे दवाओं की कमी है। शीघ्र यह व्यवस्था सुधारी जाएगी।
डॉ. पीके बैरवाल, अधीक्षक पीबीएम

Published on: