
जयप्रकाश गहलोत/बीकानेर. प्रदेश में आक्रामक प्रदर्शन, भीड़ के हुडदंग और उपद्रव मचाने वालों से निपटने के लिए पुलिसकर्मी दो नहीं तीन आंखों से नजर रख सकेंगे। इसके लिए सभी जिलों को पुलिस मुख्यालय से आधुनिक हेलमेट मिले है। जिनमें कैमरा लगा हुआ है। इस कैमरे से वीडियो रिकॉर्डिंग होगी जो हुड़दंगियों और उपद्रवियों की पहचान में मदद करेगी।
बीकानेर सहित सभी संभाग और जिला मुख्यालय के पुलिस अधीक्षकों के पास यह हैलमेट पहुंच गए है। गत दो अप्रेल को भारत बंद के दौरान कई जगह भीड़ ने जमकर उपद्रव मचाया था। इस दौरान कई पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गए थे। इसी के साथ पुलिस की उपद्रवियों पर जवाबी कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठते रहते है।
एेसे हालात से निपटने के लिए पुलिस मुख्यालय ने कुछ दिन पहले ही प्रदेशभर में पुलिस को मिर्ची बम भेजे थे। अब एक कदम और आगे बढ़ाते हुए कैमरा लगे हेलमेट भेजे गए है। कैमरे की फुटेज पुलिस को जहां उपद्रवियों की पहचान में मदद करेगी वहीं पुलिस पर लगने वाले आरोपों का भी साक्ष्य के साथ जवाब दिया जा सकेगा।
अभी सिर्फ एक वीडियो ग्राफर
पुलिस धरना-प्रदर्शन और उपद्रव आदि के समय वीडियोग्राफी ही करवा पाती थी। जिला मुख्यालयों पर महज एक वीडियो कैमरा पुलिस के पास था। कई बार तो वीडियो ग्राफर के पहुंचने से पहले ही घटना कारित तक हो जाती थी। अब एेसे हालात की आशंका पर जो जाब्ता भेजा जाएगा उसमें पांच पुलिसकर्मी वीडियो कैमरा वाले हेलमेट पहने होंगे।
पहले चरण में पांच, और मिलेंगे जल्द
बीकानेर में पुलिस को पहले चरण में पांच कैमरा हेलमेट मिले हैं। पुलिस मुख्यालय ने जिला पुलिस अधीक्षकों को शीघ्र ही एेसे और हेलमेट भेजने की बात भी कही है। पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व जाब्ता को यह हेलमेट देने के साथ ही इनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी की है। जिससे जरूरत पडऩे पर कोर्ट, गृह विभाग अथवा उच्चाधिकारियों को रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही ट्रेफिक पुलिस और पुलिस गश्ती दल पर भ्रष्टाचार जैसे आरोपों की सत्यता जांची जा सकेगी।
उच्च गुणवत्ता के कैमरे
हेलमेट में लगे कैमरे उच्च गुणवत्त वाले हैं। यह दिन के साथ रात को अंधेरे में भी अच्छी वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकेंगे। जिस हेलमेट पर यह कैमरे लगे है वह काफी मजबूत है। जो पुलिसकर्मी पर पथराव और हमला के हालात में सिर की सुरक्षा भी करेगा। इसी के साथ कैमरा ब्ल्यूटूथ के माध्यम से पुलिस अधिकारियों को लाइव हालात भी बताता रहेगा। कैमरे को मोबाइल या लेपटॉप के माध्यम से जोड़ा जा सकता है। इसकी मैमोरी में भी कई घंटों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रह सकेगी।
बनेंगे मददगार
कैमरे लगे हेलमेट कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिहाज से पुलिस के मददगार बनेंगे। अभी विशेष परिस्थिति के लिए उपयोग करेंगे। बाद में और हेलमेट मिलने पर इनका उपयोग सामान्य ड्यूटी, गश्त एवं ट्रेफिक ड्यूटी में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
पवन कुमार मीणा, एएसपी सिटी बीकानेर