
बीकानेर. भवन एवं सड़क निर्माण में काम आने वाली सामग्री की जांच करवाना अब महंगा हो गया है। मुख्य अभियंता गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला जयपुर ने करीब ११ साल बाद निर्माण सामग्री की जांच दरों में बदलाव किया है। जांच दरों में बदलाव से अब क्षेत्रीय नियंत्रण गुणवत्ता प्रयोगशाला सार्वजनिक निर्माण विभाग में ईंट, सीमेन्ट, पेवर ब्लॉक, सरिया सहित विभिन्न प्रकार की निर्माण सामग्री की जांच दरें पहले लागू दरों से अब पचास प्रतिशत से लेकर कुछ की कई गुणा तक बढ़ गई है। क्षेत्रीय गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला में भवन और सड़क निर्माण में काम आने वाली सामग्री की ७७ विभिन्न प्रकार की जांचें हो रही है। बढ़ी हुई जांच दरें प्रभावी हो गई है। जांच दरों के बढऩे से जहां सरकारी राजस्व में बढ़ोतरी होनी तय है वहीं फर्म ठेकेदारों, आमजन सहित सरकारी विभागों पर आर्थिक भार पडेग़ा।
बदली दरें प्रभावी
मुख्य अभियंता गुणवत्ता नियंत्रण जयपुर की ओर से भवन और सड़क निर्माण में काम आने वाली विभिन्न प्रकार की सामग्री की जांच दरों में बदलाव किया गया है। बदली गई दरें प्रभावी हो गई है। वर्ष २००८ के बाद अब जांच दरें बदली गई है।
जसवंत खत्री, अधीक्षण अभियंता, क्षेत्रीय गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला सानिवि बीकानेर