बीकानेर

PM Modi के बाद Amit Shah एक बार फिर से राजस्थान में, चार को बीकानेर-सीकर में ‘शक्ति केन्द्र सम्मेलन’ करेंगे सम्बोधित

www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Sep 28, 2018
Amit Shah

जयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष Amit Shah 4 अक्टूबर को राजस्थान के जयपुर सम्भाग एवं बीकानेर सम्भाग के प्रवास पर रहेंगे। शाह 4 अक्टूबर को सुबह दिल्ली से रवाना होकर Sikar पहुंचेंगे और वहां 10.45 बजे सीकर, झुंझुनूं एवं चूरू जिले की 21 विधानसभाओं के ‘शक्ति केन्द्र सम्मेलन’ को सम्बोधित करेंगे।

वे सीकर में ही संभाग स्तरीय पूर्व सैनिक सम्मेलन में आएंगे। दोपहर 2 बजे Bikaner जाएंगे। बीकानेर में दोपहर 3 बजे बीकानेर, श्रीगंगानगर एवं हनुमानगढ़ जिले की 18 विधानसभाओं के शक्ति केन्द्र सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। इसके पश्चात 4 बजे सम्भाग स्तरीय अनुसूचित जाति सम्मेलन और 5.15 बजे ‘प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन’ को सम्बोधित करेंगे एवं शाम 7.30 बजे बीकानेर से दिल्ली जाएंगे।

हड़ताल का हल निकालेंगे: सैनी
सीकर। शाह के दौरे को लेकर प्रदेश अध्यक्ष Madan Lal Saini गुरुवार को सीकर आए। उन्होंने तीनों जिलों के पदाधिकारियों की बैठक ली। सैनी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। कार्यकर्ताओं को चुनावी योद्धा के तौर पर प्रशिक्षण देने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आ रहे हैं। सरकार विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की ओर से की जा रही हड़ताल के मामले में गंभीर है। जल्द नेताओं से बातचीत की जाएगी।

भागवत जयपुर पहुंचे
जयपुर। आरएसएस के सरसंघचालक Dr. Mohan Bhagwat गुरुवार शाम जयपुर पहुंचे। वे शुक्रवार को जयपुर में होने वाली संघ की संपर्क समूह की बैठकों में शामिल होंगे। भागवत समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) के 29-30 को केशव विद्यापीठ जामडोली में होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होंगे।

सीएम Vasundhara Raje ने कहा- हम राज्य में वापस सत्ता में आएंगे
नागौर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि हम प्रदेश में वापस सत्ता में आएंगे, इसमें किसी को शक नहीं होना चाहिए। न ही भाजपा कार्यकर्ताओं को उसके लिए चिंतित होने की जरूरत है। राजस्थान गौरव यात्रा के तहत गुरुवार को नागौर पहुंची मुख्यमंत्री मेड़तासिटी, डेगाना, परबतसर में जनसभाओं में ये बोलीं। उन्होंने कांग्रेस और अशोक गहलोत पर हर सभा में प्रहार किए। परबतसर में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि यह उसकी बौखलाहट है तभी वह कभी अदालत का दरवाजा खटखटाती है तो कभी अनर्गल आरोप लगाती है। पिछली सरकार के समय मुफ्त दवा के नाम पर कुछ टेबलेट मिलती थी, हम 10 लाख तक का इलाज मुफ्त करवा रहे हैं।

Published on:
28 Sept 2018 01:04 pm