बीकानेर

रामेश्वर डूडी का बड़ा बयान, बोले—प्रदेश के नम्बर एक बनने का रास्ता मुझे मालूम

विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने कहा कि जीताकर भेजोगे तो नम्बर वन, टू, थ्री के रास्ते मुझे मालूम है।
less than 1 minute read
Nov 02, 2018
Rajasthan Ka Ran

नोखा। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी जयपुर और दिल्ली में कांग्रेस की राजस्थान विधानसभा के प्रत्याशियों की टिकट तय करने की लम्बी कवायद में व्यस्त रहने के बाद अपने गृह क्षेत्र लौटते ही फिर हुंकार भरी है।

कांग्रेस में नम्बर वन नेता बनने के चल रहे त्रिकोणीय मुकाबले को भले ही पार्टी नकारे लेकिन नेता प्रतिपक्ष ने अपने समर्थकों में जोश भरने के लिए शुक्रवार को फिर बड़ा बयान दिया। डूडी ने समर्थकों को संबोधित करते हुए नोखा के डूडी हाउस में कहा कि पिछले चुनाव में भाजपा की आंधी चल रही थी फिर भी 32 हजार वोटों से जीताकर विधानसभा भेजा। फिर नम्बर वन रहा।

अब फिर जीताकर भेजोगे तो नम्बर वन, टू, थ्री के रास्ते मुझे मालूम है। डूडी ने समर्थकों को एकजट होकर चुनाव में जुट जाने के लिए कहा। ज्ञात रहे कि कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी के कुछ विधानसभा क्षेत्रों में अपने पसंद के प्रत्याशी को पार्टी की टिकट दिलाने के लिए सक्रिय होने और प्रदेश में कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट के साथ रामेश्वर डूडी का नाम भी चलता रहा है।

चूंकि वह मौजूदा विधानसभा में कांग्रेस के विधायक दल के नेता के रूप में नेता प्रतिपक्ष है। एेसे में समर्थकों को इशारे-इशारे में आगे भी विधायक दल का नेता बने रहने का संदेश देने का प्रयास किया।

नोखा को बताया हॉट सीट कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नोखा विधानसभा की सीट पर देश-प्रदेश सभी की नजर टिकी हुई है। यह हॉट सीट है, इसका हमें सभी को ध्यान रखना है। पूरे प्रदेश में नोखा के मान-सम्मान को बढ़ाना है। नेताओं ने डूडी को जिताने के लिए घर-घर जाकर प्रचार करने आहवान भी किया।

Published on:
02 Nov 2018 09:48 pm