बीकानेर

हनुमान बेनीवाल ने किया ऐलान- कांग्रेस व भाजपा को हराने के लिए अब इस रणनीति से लड़ेंगे चुनाव

https://www.patrika.com/churu-news/
less than 1 minute read
Oct 14, 2018
Feature image

सूडसर/बीकानेर.
विधानसभा चुनावों में कांग्रेस व भाजपा को हराने के लिए समान विचारधारा वाले दलों से बातचीत कर व उनके साथ समझौता करके चुनाव मैदान में उतरेंगे और प्रदेश की सभी 200 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। खींवसर विधायक एवं किसान नेता हनुमान बेनीवाल ने श्रीडूंगरगढ़ के वीर तेजाजी मंदिर प्रांगण में रविवार को पत्रकारों से रूबरू होते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व भाजपा दोनों ने किसानों का भला नहीं किया है और केवल वोट बटोरने के लिए झूठे वादे किए है। अब किसान व युवा संगठित होकर कांग्रेस व भाजपा को हराने का काम करेंगे एवं राजस्थान में किसान के बेटे को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य लेकर सत्ता परिवर्तन के लिए मतदान करेंगे।

बेनीवाल ने क्षेत्र के किसानों व युवाओं से 29 अक्टूबर को जयपुर में आयोजित होने वाली किसान महाहुंकार रैली में पहुंचने की अपील की। इस मौके पर जाट सेना के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विवेक माचरा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विजय बेनीवाल, छात्र नेता दानाराम घिंटाला, जाट सेना के तहसील अध्यक्ष जेठाराम जाखड़ आदि ने अपने विचार रखे और जयपुर रैली में पहुंचने का आह्वान किया। क्षेत्र के किसानों व युवाओं ने साफा और माला पहनाकर विधायक बेनीवाल का स्वागत किया।

Published on:
14 Oct 2018 07:27 pm