
महाजन. विधानसभा चुनाव के लिए सरकारी विद्यालयों में स्थापित मतदान केन्द्रों पर छात्र विकास शुल्क से व्यवस्था की जा रही है। चुनाव के दृष्टिगत विद्यालयों में सुविधाएं मुहैया करवाने के निर्देश तो अधिकारी दे रहे हैं लेकिन बजट के नाम पर कुछ भी नहीं होने से छात्र विकास शुल्क के रुपए खर्च हो रहे हैं। हालांकि अगस्त में ही पंचायतराज विभाग ने जिला परिषद सीईओ को आदेश जारी कर दिया था।
गौरतलब है कि चुनाव को देखते हुए विद्यालयों में मतदान केन्द्रों पर डबल दरवाजे, खिड़की, रंगरोगन, बिजली व पेयजल व्यवस्था आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी हो रखे हैं। आदेश के तहत ये कार्य ग्राम पंचायतों को किसी मद से करवाना था लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि अधिकारी जब भी विद्यालयों में बने बूथों का निरीक्षण करने पहुंचे तो संस्था प्रधानों को ही उक्त व्यवस्थाएं शीघ्रता से पूर्ण करवाने के निर्देश दिए गए। फिलहाल हालात ऐसे बने है कि संस्था प्रधानों पर तत्काल सभी कार्य पूर्ण करवाने का दबाव है। इन कार्यों पर छात्र विकास शुल्क खर्च किया जा रहा है। जबकि यह राशि उन्हीं कार्यों में खर्च की जा सकती है जिनमें सीधे छात्र हित जुड़े हुए हो। छात्र हित के लिए भी उक्त राशि खर्च करने से पहले विद्यालय विकास एवं प्रबंध समिति में प्रस्ताव पारित किया जाना अनिवार्य है लेकिन चुनाव के कारण आनन-फानन में जो कार्य हो रहे है उनसें ना तो छात्र हित जुड़ा हुआ है एवं ना ही समिति की बैठक कर प्रस्ताव लिए गए है।
विद्यालयों में व्यवस्थाएं रखना विद्यालय प्रबंधन का काम है। इसके लिए कैसा बजट। जिन विद्यालयों में विद्युत व्यवस्था नहीं है। उनमें अस्थायी विद्युत कनेक्शन के आदेश मिले हैं।
कैलाशचन्द्र मीणा, उपखण्ड अधिकारी लूणकरनसर।
हमें ५-७ विद्यालयों की सूची दी गई थी। उनमें व्यवस्थाएं ग्राम पंचायतों के मद से करवाई गई है।
सुनील छाबड़ा, विकास अधिकारी लूणकरनसर।
विधानसभा पर्यवेक्षक ने किया बूथों का निरीक्षण
खाजूवाला. विधानसभा पर्यवेक्षक पाटिल वाई.एस. ने बुधवार को क्षेत्र के संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र में बूथों पर जाकर मौका स्थिति का जायजा लिया। पुलिस पर्यवेक्षक एच.एस. सिधू ने भी संवेदशनशील बूथों को लेकर पुलिस व रिटर्निंग अधिकारी की बैठक ली और रूट मैप के बारे में जानकारी लेकर निर्देश दिए। रिटर्निंग अधिकारी रमेश देव ने बताया कि विधानसभा पर्यवेक्षक पाटिल ने क्षेत्र के बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने खाजूवाला पहुंचकर नाम निर्देशन पत्र का निरीक्षण किया है। इस अवसर पर खाजूवाला थानाधिकारी विक्रमसिंह चारण, तहसीलदार सुरजभान बिश्नोई, सम्पर्क अधिकारी वीरेन्द्र जोरा साथ रहे।