बीकानेर

मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा को लेकर प्रशासन ने झोंकी ताकत, हर गतिविधि पर रख रहे नजर

मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा को लेकर प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी।
2 min read
rajasthan gaurav yatra 2018
rajasthan gaurav yatra 2018

बीकानेर. मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा को लेकर प्रशासन ने बुधवार को पूरी ताकत झोंक दी। नगर निगम ने बड़ा गणेशजी मंदिर से पुष्करणा स्टेडियम रोड, एमएम ग्राउण्ड, जस्सूसर गेट रोड, फड़ बाजार रोड, मुख्य डाकघर, सादुल सिंह सर्किल, जूनागढ़ रोड, गवर्नमेंट प्रेस रोड, एमएन हॉस्पिटल रोड, तीर्थ स्तम्भ मार्ग पर सफाई की और कचरे के ढेर हटाए।

साथ ही नाले-नालियों की सफाई की और गोधों को पकड़ा। बिजली कम्पनी के कार्मिक पोल लगाने, झूलते तारों को सही करने में जुटे रहे। न्यास अधिकारी-कर्मचारी सूरसागर व मसाला चौक के आसपास तैयारियों में लगे रहे। पुलिस प्रशासन के अधिकारी कानून व्यवस्था की तैयारियों में जुटे रहे। जिला प्रशासन के अधिकारी हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं।

केसरिया स्वागत द्वार
शहर में गौरव यात्रा के मार्ग में जगह-जगह केसरिया रंग के स्वागत द्वार बनाए गए हैं। स्वागत द्वार पर राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने वाले छोटे होर्डिंग्स भी लगाए गए हैं। साथ ही भाजपा की झण्डियां लगाई गई हैं। मुख्यमंत्री के स्वागत में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने मकानों की दीवारों, सड़क किनारे, विद्युत पोल आदि पर होर्डिंग्स लगाए।

हेलीपैड हुआ तैयार
सार्वजनिक निर्माण विभाग के एईएन संजय चौधरी ने बताया कि पुष्करणा स्टेडियम में हेलीपैड बनकर तैयार हो गया है। इसे गोबर और मुडिया मिट्टी से ३० मीटर वृत्ताकार में बनाया गया है। इसी हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरेगा।

पेम्फलेट्स हटाए
गौरव यात्रा को लेकर नगर निगम की ओर से बुधवार को पुष्करणा स्टेडियम से एमएम ग्राउण्ड रोड पर होर्डिंग्स और पेम्फलेट्स हटाए गए। वहीं रोड शो मार्ग पर सड़क पर खडे़ ठेले-गाडों को भी हटाया गया व रास्तों को साफ किया गया।

दीवारों पर रंग-रोगन
गौरव यात्रा के मार्ग में प्रशासन ने पुष्करणा स्टेडियम की दीवार, जस्सूसर गेट क्षेत्र में दो तीन बाड़ों की दीवार, मुख्य डाकघर के सामने से सार्दुल सिंह सर्किल तक जूनागढ़ खाई के बाहर दीवार, जूनागढ़ बस स्टैण्ड पर बने निगम के पार्र्किंग की दीवार का रंग-रोगन किया गया है।

बाइक रैली से किया शक्ति प्रदर्शन
बीकानेर. राजस्थान गौरव यात्रा की पूर्व संध्या पर बुधवार को करीब 5 हजार युवाओं ने मोटरसाइकिल रैली निकाली। रैली को भाजपा के नेता देवीसिंह भाटी एवं न्यास अध्यक्ष महावीर रांका ने झण्डी दिखाकर रवाना किया। भाटी ने दीनदयाल सर्किल स्थित अम्बेडकर भवन से जन संदेश बाइक रैली को रवाना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बीकानेर में विकास के कई कार्य करवाए गए हैं। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गौरव यात्रा के माध्यम से अपने कार्यों की रिपोर्ट जनता के समक्ष प्रस्तुत कर रही हैं।

युआइटी अध्यक्ष महावीर रांका के नेतृत्व में रैली जूनागढ़, प्रेमजी पॉइंट, बोथरा कॉम्प्लेक्स, तुलसी सर्किल, म्यूजियम सर्किल, अम्बेडकर सर्किल, रानी बाजार, केईएम रोड, जूनागढ़, कीर्ति स्तम्भ होते हुए आम्बेडकर भवन पर पहुंची। रैली में युधिष्ठिरसिंह भाटी, उपमहापौर अशोक आचार्य, शिवराज बिश्नोई, पार्षद राजेन्द्र शर्मा, मोहम्मद ताहिर, शंभु गहलोत, मधुसूदन शर्मा, पंकज गहलोत, जमनलाल गजरा, मनोनीत पार्षद रमेश भाटी, तेजाराम राव तथा श्रवण गोदारा सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

भाजयुमो ने भी निकाली वाहन रैली
भारतीय जनता युवा मोर्चा बीकानेर शहर ने युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विक्रमसिंह भाटी की अगुवाई में वाहन रैली फोर्ट स्कूल मैदान से निकाली। रैली तीर्थम्भ सर्किल पर सम्पन्न हुई। रैली को भाजयुमो के युवा संसद कार्यक्रम के राष्ट्रीय सहप्रभारी सुरेन्द्रसिंह शेखावत ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

Published on:
06 Sept 2018 08:20 am
Also Read
View All
Bikaner: महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में सेना के वाहनों से डीजल चोरी, एक माह बाद दर्ज हुआ मामला

राजस्थान में जल्द सरकारी नौकरी छोड़ने वालों के लिए अ​ब सख्त नियम, अवकाश मामले में महिला कर्मचारियों को बड़ी राहत

राजस्थान में कांग्रेस नेता से मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई, पूर्व पार्षद का बेटा गिरफ्तार; अब तक 8 आरोपी अरेस्ट

Rajasthan Politics : ‘मेरी टिकट कटी नहीं, चोरी हुई है’, बीकानेर कांग्रेस जिलाध्यक्ष से मारपीट करने वाले ‘फरार’ शख्स के बैक-टू-बैक दो वीडियो, किया ‘खुलासा’!

Rajasthan Politics : बीकानेर जिलाध्यक्ष मदन मेघवाल से मारपीट का ‘महिला नेत्री’ कनेक्शन, कांग्रेस पार्टी में खलबली