
जयपुर रोड पर मंगलवार सुबह दो कारों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो व्यक्तियों की मौत हो गई और दो जने गंभीर घायल हो गए। घायल एक व्यक्ति को जयपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद दूसरी कार में सवार लोग गाड़ी छोड़कर भाग गए।
पुलिस ने दोनों गाडिय़ों को जब्त कर लिया है। एएसआई पर्बत सिंह ने बताया कि चूरू जिला निवासी ओमप्रकाश (40) पुत्र बजरंग शर्मा, मेघराज (29) पुत्र गणेशाराम माली, ओमप्रकाश पारीक एवं बुद्धराम पुत्र गीतूराम शर्मा कार में सवार होकर बीकानेर आ रहे थे। तभी जयपुर रोड स्थित महेन्द्रा कंपनी के पास बीकानेर की तरफ से आ रही एक अन्य कार से उनकी कार टकरा गई।
भिड़ंत काफी जबरदस्त थी। दोनों कारों का अगला हिस्ता बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची जेएनवीसी पुलिस ने घायलों को निजी वाहनों से पीबीएम के ट्रोमा सेंटर भिजवाया, जहां ओमप्रकाश शर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई।
ओमप्रकाश पारीक और मेघराज को जयपुर रेफर किया गया, लेकिन जाने से पहले मेघराज की भी मौत हो गई। बुद्धाराम को आईसीयू में भर्ती है। बाद में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में मामला दर्ज नहीं करवाया गया है।
मीटिंग में आ रहे थे
एएसआई सिंह ने बताया कि मंगलवार को डीलरों की बीकानेर में एक मीटिंग होनी थी। ओमप्रकाश शर्मा, ओमप्रकाश पारीक व बुद्धराम मीटिंग में भाग लेने आ रहे थे। मेघराज कार चला रहा था। तभी जयपुर रोड पर हादसा हो गया।
घायलों को मुश्किल से निकाला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना में चूरू के नंबरों की कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कार में सवार लोग फंस गए। भिड़ंत के बाद हुए धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। तब तक पुलिस भी आ गई।
पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को मुश्किल से बाहर निकाला। हादसे की सूचना पर एडीएम सिटी शैलेन्द्र देवड़ा व अन्य प्रशासनिक अधिकारी ट्रोमा सेंटर पहुंचे। यहां मारवाड़ जन सेवा समिति अध्यक्ष रमेश व्यास, हरीकिशन राजपुरोहित एवं राजनारायण मोदी ने घायलों की मदद की।