बीकानेर

Road Accident in Bikaner: जोधपुर-जयपुर बाइपास पर दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से 3 छात्रों की मौत

Road Accident in Bikaner: बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो नर्सिंग स्टूडेंट्स सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 14 Jul 2025, 12:50 PM IST
Road Accident
Representative Image

Road Accident in Bikaner: बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो नर्सिंग स्टूडेंट्स सहित तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा जोधपुर-जयपुर बाइपास पर सांगाणा टोल रोड के पास रात करीब एक बजे हुआ जब एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी।

बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार और एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दो स्टूडेंट्स सहित तीन की मौत

पुलिस के अनुसार, मृतकों में खुमाराम (21) पुत्र रेवंतराम, निवासी शैतान सिंह नगर, लोहावट (फलोदी) और इंद्र कुमार (21) पुत्र अशोक कुमार, निवासी वार्ड तीन, श्रीकरणपुर (श्रीगंगानगर) शामिल हैं, जो दोनों पीबीएम अस्पताल के पास सरकारी नर्सिंग कॉलेज के चौथे वर्ष के छात्र थे। तीसरा मृतक अरविंद कुमार पुत्र हेतराम, निवासी घड़साना (श्रीगंगानगर) एक राहगीर था, जो हादसे की चपेट में आ गया।

तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक खुमाराम और इंद्र कुमार रात को भोजन करने के बाद अपने किराए के कमरे पर बाइक से लौट रहे थे। तभी जोधपुर-जयपुर बाइपास पर सांगाणा टोल रोड के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कार के अगले हिस्से से जा टकराई, जिससे दोनों छात्र उछलकर सड़क पर गिर गए।

हादसे में राहगीर अरविंद कुमार भी कार की चपेट में आ गया। सड़क पर खून फैल गया और मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत तीनों घायलों को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में अरविंद कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि खुमाराम और इंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी।

परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमॉर्टम

पुलिस ने बताया कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसका एयरबैग भी खुल गया था। नर्सिंग कॉलेज के प्रिंसिपल घनश्याम जांगिड़ ने बताया कि दोनों छात्र कॉलेज के बाहर किराए के कमरे में रहते थे और पढ़ाई में अच्छे थे। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों को सूचित किया गया है। उनके बीकानेर पहुंचने पर शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Updated on:
14 Jul 2025, 12:50 PM IST
Published on: