बीकानेर

Road Accident: राजस्थान के बीकानेर में भीषण सड़क हादसा, 2 लोगों की मौत, दोनों कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त

Bikaner Road Accident: बीकानेर-सूरतगढ़ नेशनल हाईवे संख्या 62 पर दो कारों के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जबर्दस्त था कि दोनों कारों के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
2 min read
• •
Updated: 12 May 2025, 9:22 AM IST
Feature image

बीकानेर। बीकानेर-सूरतगढ़ नेशनल हाईवे संख्या 62 पर दो केएसआर के पास रविवार शाम करीब पौने पांच बजे दो कारों के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जबर्दस्त था कि दोनों कारों के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहगीरों व पुलिस की मदद से घायलों को 104 एबुलेंस व निजी वाहनों से सूरतगढ़ के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने दो जनों को मृत घोषित कर दिया। सात घायलों में से चार को श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार रविवार को साबनियां (लूणकरसर) निवासी हनुमान मेघवाल (50) पोते के नामकरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार के छह सदस्यों के साथ कार से गांव संघर आए थे। शाम करीब पौने पांच बजे वापसी में 2 केएसआर के पास सामने से आ रही कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों कारों में सवार कुल नौ जने घायल हो गए।

सड़क हादसे में ये हुए घायल

कार में सवार घायल साबनिया लूणकरणसर निवासी अंचा (45) पत्नी हनुमान मेघवाल, हनुमान (50) पुत्र मनफूलराम मेघवाल, मनफूलराम (70) पुत्र सहीराम मेघवाल, कमला (60) पत्नी मनफूलराम, दासूवाला (रावतसर) निवासी केसराराम (35) पुत्र यालीराम व चालक जेठाराम (45) पुत्र ओमप्रकाश नायक का उपचार के लिए भर्ती किया गया। बाद में कार चालक जेठाराम की मौत हो गई।

दूसरी कार में सवार सूरतगढ़ के वार्ड 20 निवासी पप्पूराम (50) पुत्र लूणाराम, उसके पुत्र सौरभ (15) व कार चालक वार्ड 23 निवासी सोनू (35) पुत्र सुरेन्द्र को भी भर्ती किया गया। उपचार के दौरान पप्पूराम ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल मनफूल, कमला, सौरभ व सोनू को श्रीगंगानगर रेफर किया। परिजन उन्हें निजी चिकित्सालय ले गए।

यह भी पढ़ें