
गजनेर थाना क्षेत्र के खारी गांव में सोमवार देर रात को शराब ठेके पर लूटपाट की वारदात का गजनेर पुलिस ने 13 घंटे बाद ही पर्दाफाश कर दिया। लूटपाट की झूठी कहानी ठेके पर काम करने वाले सेल्समैन ने ही रची। उसने यह साजिश अपने दोस्त के साथ रची।
दोस्त के पकड़े जाने पर उसने सारा राज उगल दिया। पुलिस ने सेल्समैन को भी रतनगढ़ से दस्तयाब कर लिया है। हालांकि इस संबंध में अभी थाने में मामला दर्ज नहीं हुआ है। खारी गांव में सफी खां का सरकारी शराब का ठेका है। वहां लूणकरणसर तहसील के कालू निवासी मुश्ताक खां सेल्समैन है।
मंगलवार सुबह ठेकेदार सफी ठेके पर पहुंचा तो दुकान का शटर खुला था। चारपाई के पास शराब की बोतलें टूटी हुई थी। महंगी शराब के सात-आठ कार्टन गायब थे। सेल्समैन मुश्ताक भी वहां नहीं था। उसका मोबाइल स्विचऑफ आ रहा था। ठेकेदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बाद में गजनेर थानाधिकारी वेदपाल शिवरान स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे।
करता रहा गुमराह
एसएचओ ने बताया कि सेल्समैन का मोबाइल स्विचऑफ मिला, जब चालू हुआ तो पुलिस ने उससे संपर्क किया। वह पुलिस को बार-बार गुमराह करता रहा। मामले का पटाक्षेप करने के लिए थाने के हैडकांस्टेबल विमल एवं कांस्टेबल बंटी को लगाया गया।
दोनों को दिनभर मशक्कत के बाद शाम को सफलता मिली। सेल्समैन कभी कालू तो कभी छतरगढ़ का कहता रहा, लेकिन उसकी सही लोकेशन रतनगढ़ के पास ट्रेस हुइ्र। देर रात मुश्ताक को रतनगढ़ से दस्तयाब कर लिया गया।
यूं खुली वारदात
एसएचओ वेदपाल शिवरान ने बताया कि ठेकेदार से सेल्समैन मुश्ताक का मोबाइल नंबर लेकर कॉल डिटेल निकलवाई। इसमें सर्वाधिक बात कालू निवासी भंवरलाल मिरासी से की गई। पुलिस ने कालू से भंवरलाल को दस्तयाब कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने राज उगल दिया।
कर्ज चुकाने के लिए...
एसएचओ के मुताबिक मुश्ताक के दोस्त भंवर ने पूछताछ में बताया कि मुश्ताक ने उसे वहां बुलाया था। रात को शराब पार्टी की और बाद में तोडफ़ोड़ की। मुश्ताक पर कर्जा हो गया था। उसे चुकाने के लिए पैसों की जरूरत थी। वह कार्टन बेचकर कर्ज चुकाने की जुगत में था।