दूसरे निकायों से सफाई कर्मियों का आवागमन, चार गए और 123 आए
बीकानेर. प्रदेश की विभिन्न स्थानीय निकायों से बीकानेर नगर निगम में स्थानांतरित होकर सफाई कर्मचारियों के आने का सिलसिला जारी है। बीकानेर नगर निगम में अब तक विभिन्न निकायों से 123 सफाई कर्मचारी स्थानांतरित होकर आ चुके है, जबकि चार सफाई कर्मचारी बीकानेर नगर निगम से दूसरी निकायों में स्थानांतरित होकर गए है।
निगम की स्थापना एच शाखा की जानकारी अनुसार स्थानांतरित होकर आने वाले सफाई कर्मचारियों में वर्ष 2014 भर्ती में नियुक्त हुए सफाई कर्मचारी अधिक है। दूसरी निकायों से लगातार स्थानांतरित होकर कर्मचारियों के आने से नगर निगम में रिक्त चल रहे सफाई कर्मचारियों के पद भरते जा रहे है। इससे स्थानीय बेरोजगार जो भर्ती की आस लगाए हुए है, उनके भर्ती होने की उम्मीदों पर पानी फिर रहा है। इससे सफाई कर्मचारी संगठन भी खासा एतराज जता रहे है।
इन स्थानों से आए कर्मचारी
नगर निगम में नोखा, देशनोक, राजलदेसर, कुचैरा, फलौदी, अनूपगढ़, श्रीडूंगरगढ़, सरदारशहर, रावतसर, रतनगढ़, विजय नगर, फतेहपुर, जैसलमेर, नागौर, नोहर, भादरा, जोधपुर, चूरु, लाडनू, तिजारा आदि स्थानों से सफाई कर्मचारी स्थानांतरित होकर बीकानेर आ चुके है। वहीं चार सफाई कर्मचारी संगरिया, नागौर और गंगानगर गए है।
1662 पद स्वीकृत, 1485 कार्यरत
निगम में सफाई कर्मचारियों के 1662 पद स्वीकृत है। स्वीकृत पदों में से 1485 पदों पर सफाई कर्मचारी कार्यरत है, जबकि 177 स्वीकृत पद रिक्त चल रहे है। सफाई कर्मचारी यूनियन नेताओं के अनुसार जिस प्रकार स्थानांतरित होकर सफाई कर्मचारी बीकानेर आ रहे है, उससे रिक्त चल रहे पद भी जल्द भर जाएंगे और बेरोजगार जो सफाई कर्मचारी पद पर भर्ती होने की आस लगाए हुए है, उनके समक्ष रोजगार का संकट उत्पन्न हो जाएगा।
स्थानीय लोगों का छिन रहा रोजगार
कर्मचारी नेता शिवलाल तेजी के अनुसा राज्य सरकार और स्वायत्त शासन विभाग को इस पर रोक लगानी चाहिए। अगर इसी प्रकार स्थानांतरित होकर सफाई कर्मचारी बीकानेर आते रहे तो स्थानीय बेरोजगारों के समक्ष रोजगार का संकट उत्पन्न हो जाएगा। कर्मचारी नेता चन्द्रशेखर चांवरिया के अनुसार जनसंख्या के आधार पर सफाई कर्मचारियों की भर्ती हो नहीं रही है।