
रसद विभाग के जांच दल में शामिल अधिकारियों ने बुधवार को बीकानेर , खाजूवाला और श्रीडूंगरढ़ में उचित मूल्य दुकानों की जांच की। खाजूवाला में तो जांच दल के पहुंचने से पहले ही कुछ उचित मूल्य दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग गए। वहीं श्रीडूंगरगढ़ में आठ दुकानों के स्टॉक और वितरण का हिसाब लिया गया।
बीकानेर के शोभासर में एक दुकान की जांच करने पहुंचे अधिकारियों को लोगों की खरी-खरी सुननी पड़ी। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि उन्हें लम्बे समय से राशन सामग्री नहीं मिली है। तीनों स्थानों पर जांच करने के लिए मुख्यालय से तीन दल बनाए गए थे, जिसमें नौ अधिकारियों को शामिल किया गया है।
दुकानों पर ताले
खाजूवाला में पहुंचे दल ने सबसे पहले क्रय-विक्रय सहकारी समिति कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां का स्टॉक और वितरण लेने के बाद उसने उचित मूल्य दुकानों की ओर रुख कर लिया, लेकिन अधिकारियों को कई दुकानों पर ताले लटके मिले। उधर, श्रीडूंगरगढ़ दल में शामिल अधिकारियों ने गांव की आठ दुकानों के स्टॉक और वितरण की जानकारी जुटाई। टीम में शामिल अधिकारी गुरुवार को भी बीकानेर और इसके आस-पास गांवों में उचित मूल्य दुकानों की जांच करेंगे।
'राजस्थान पत्रिका' ने उठाया था मुद्दा
'राजस्थान पत्रिका' ने अभियान के माध्यम से राशन व्यवस्था में गड़बडि़यों को उठाया था। इसके बाद जयपुर मुख्यालय ने इसे गंभीरता से लेते हुए नौ अधिकारियों की टीम को बीकानेर जांच के लिए भेजा है। टीम में शामिल अधिकारी यहां की गई जांच की रिपोर्ट अगले सप्ताह मुख्यालय के आला अधिकारियों को देंगे।
'राजस्थान पत्रिका' ने अपने अभियान में बताया कि किस प्रकार गरीब के राशन की कालाबाजारी की जा रही है। अधिकारियों ने पत्रिका की खबरों को आधार मानते हुए संबंधित दुकानदारों के रिकॉर्ड को जांच में शामिल किया है। बुधवार को अधिकारियों ने बीकानेर के प्रवर्तन अधिकारियों से भी शिकायतों से जुड़े रिकॉर्ड तलब किए।