
रेलवे स्टेशनों पर इन दिनों सुरक्षा की दृष्टि से चौकसी बढ़ा दी गई है। छुट्टियों को देखते हुए लंबी दूरी की ट्रेनों में भी इन दिनों भीड़ बढ़ती जा रही है। नया साल भी आने वाला है, ऐसे में किसी तरह की अनहोनी नहीं हो इसके लिए रेलवे सुरक्षा बल ने बीकानेर मंडल के सभी स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं। ट्रेनों में भी निगरानी की जा रही है। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों का सामान खंगाला जा रहा है।
ताकि परेशान न हों यात्री
ट्रेन में सफर के दौरान बेवजह होने वाली चैन पुलिंग पर आरपीएफ खास निगरानी कर रही है। ताकि कोई शरारती तत्व किसी तरह की शरारत नहीं करें। लंबी दूरी की सभी ट्रेनों में रेलवे स्टाफ के साथ ही रेलवे सुरक्षा बल का विशेष स्टाफ सतर्कता के साथ कार्यरत रहता है।
इन स्टेशनों पर इंतजाम
मंडल में बीकानेर, लालगढ़, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू, सादुलपुर, भिवानी, हिसार, सिरसा सहित प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। बीकानेर रेलवे स्टेशनों पर स्थापित 62 कैमरों में कैद होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा अनाधिकृत रूप से पटरियां पार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षा को लेकर मुस्तैद
स्टेशनों पर सुरक्षा को लेकर आरपीएफ पूरी तरह से मुस्तैद है। ट्रेनों में बेवजह चैन पुलिंग करने वालों पर भी खास नजर है। नियंत्रण कक्ष में भी निगरानी की जा रही है।
डी.के.शुक्ला, मंडल सुरक्षा आयुक्त
11 घंटे देरी से पहुंची कोलकाता एक्सप्रेस
उत्तरी भारत में घने कोहरे का असर होने के कारण रेलगाडि़यों की बिगड़ी चाल पटरी पर नहीं आ रही है। रेल यातायात पूरी तरह से प्रभावित है। उत्तर भारत से होकर बीकानेर की ओर आने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों का शिड्यूड बिगड़ गया है। खासकर जोधपुर-हावड़ा, अवध-आसाम, कोलकता-बीकानेर ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंच रही है।
रविवार को हावड़ा से चलकर बीकानेर आने वाली ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 8.45 बजे के स्थान पर शाम 18.45 बजे बीकानेर पहुंची। इसी तरह कोलकता-बीकानेर एक्सप्रेस सप्ताहिक ट्रेन ग्यारह घंटे देरी से सुबह 5.45 बजे की बजाय शाम 16.45 बजे बीकानेर पहुंची। अवध-आसाम एक्सप्रेस रद्द रही।