
बीकानेर .श्रीगंगानगर रोड स्थित मुख्य अनाज मण्डी में बुधवार को समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद शुरू हो गई। पहले दिन करीब 18 सौ गेहूं से भरे कट्टे खरीदे गए। एक कट्टे में पचास किलो गेहूं भरा जाता है। गेहूं का समर्थन मूल्य इस बार 1735 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए भारतीय खाद्य निगम के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। मुख्य अनाज मण्डी में 15 जून तक गेहूं की खरीद होगी।
कच्ची आढ़त व्यापार संघ के अध्यक्ष जगदीश पेड़ीवाल ने बताया कि भारतीय खाद्य निगम के नियमानुसार मापदण्डों के हिसाब से ही खरीद की जा रही है। उन्होंने बताया कि काश्तकारों को खरीद में किसी प्रकार की समस्या का सामना नहंीं करना पड़े, इसे देखते हुए काश्तकारों को खरीद नियमों की जानकारी दी जा रही है। बुधवार को भारतीय खाद्य निगम के गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी अनिल कुमार ने खरीदे गए गेहूं की गुणवत्ता को परखा।
किसानों को यह साथ लाना होगा
समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए अनाज मण्डी पहुंचने वाले किसानों को बचत खाते वाली डायरी की फोटो कॉपी, गिरदावरी की मूल कॉपी, किसान आधार कार्ड की कॉपी साथ लानी होगी।
ये होंगे मापदण्ड
समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए भारतीय खाद्य निगम ने मापदण्ड निर्धारित किए हैं। निर्धारित मापदण्डों के अनुसार गेहूं में अधिकतम १२ फीसदी नमी, कणक के दानों में अधिकतम ६ फीसदी टूट-फूट, २ फीसदी क्षतिग्रस्त, २ फीसदी अन्य दानों का मिश्रण तथा ०.७५ फीसदी मिट्टी या भूसे से अधिक नहीं होना चाहिए। प्रति किसान से एक हैक्टेयर भूमि के हिसाब से २५ क्विंटल गेहूं की खरीद की जाएगी।
हटीला व गौरी बने उपाध्यक्ष
बीकानेर. बीकानेर अन ऑगेनाइज्ड वर्कर्स कांग्रेस के शहर अध्यक्ष जाकिर हुसैन ने बुधवार को कार्यकारिणी की घोषणा की। इसमें डॉ.रमेश हटीला व असगर गौरी उपाध्यक्ष के अलावा जितेन्द्र बिस्सा, ताहिर हसन कादरी, महेन्द्र मेघवाल व सफराज गौरी महासचिव बनाए गए हैं। शकील अहमद मीडिया प्रभारी तथा आठ सचिव बनाए गए हैं।