बीकानेर

नई उम्मीदों के साथ, नए साल की शुरुआत

रात के 12 बजते ही शहर आतिशबाजी से गूंज उठा और लोगों ने एक-दूसरे को सुख-समृद्धि, तरक्की और आगे बढऩे के लिए शुभकामनाएं दी।
2 min read
• •
Updated: 1 Jan 2018, 8:16 AM IST
new year 2018

नव वर्ष शहर के लिए फिर नई उम्मीदें लेकर आया है। शहरवासियों ने भी नववर्ष का स्वागत उल्लास व उत्साह के साथ किया। रात के 12 बजते ही शहर आतिशबाजी से गूंज उठा और लोगों ने एक-दूसरे को सुख-समृद्धि, तरक्की और आगे बढऩे के लिए शुभकामनाएं दी।

हालांकि सरकार की आेर से शहर के लिए की गई घोषणाएं साल-२०१७ में पूरी नहीं हुई, लेकिन नए वर्ष में शहर को कई सौगातों की उम्मीद है। शहरवासियों को एलीवेटेड रोड, अंडरपास और तकनीकी विश्वविद्यालय खुलने जैसे तोहफे नए साल में मिलने की उम्मीद हैं।

शहर को मिल सकती हैं ये सौगात
बीकानेर में प्रस्तावित एलीवेटेड रोड का काम नए साल में शुरू हो सकता है। इसके निर्माण को लेकर बजट भी स्वीकृत हो चुका है। एलीवेटेड रोड बनने के बाद सांखला फाटक और केईएम रोड की राह आसान हो सकेगी। फिलहाल यहां स्थित रेल फाटकों के बंद होने से घंटों लगने वाले जाम का सामना करना पड़ता है।

रेलवे में सोलर प्लांट
बीकानेर रेल मंडल प्रबंधक कार्यालय व विभिन्न स्टेशनों पर सोलर प्लांट लगाए जाने प्रस्तावित है। इसमें रतनगढ़ स्टेशन, रेलवे डिस्पेंसरी, आरक्षण कार्यालय, वाशिंग लाइन की छत, गंगानगर स्टेशन पर 211 किलोवॉट क्षमता के दो सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। मार्च तक छोटे-बड़े स्टेशनों, कार्यालय में सोलर प्लांट लगा दिए जाएंगे।

बॉयोलॉजिकल पार्क
बीछवाल में निर्माणाधीन बॉयोलॉजिकल पार्क आमजन के लिए खुल सकता है। वन विभाग की मंशा है कि पुराने जू के वन्यजीव हरिण या अन्य पशु-पक्षियों को नए बॉयलोजिकल पार्क में शिफ्ट करेंगे। इसके बाद आमजन इन वन्य जीव-जन्तुओं को देख सकेंगे।

रेलवे अंडरब्रिज
शहर में कुछ स्थानों पर वाहन चालकों को रेलवे फाटकों से निजात दिलाने के लिए रेलवे अण्डरब्रिज की सौगात मिल सकती है। इसमें प्रमुख रूप से रानी बाजार और नागणेचेजी मंदिर रेल फाटक पर अण्डरब्रिज बन सकता है। अण्डरब्रिज बनने से रेल फाटक के नीचे से वाहन चालक निकल सकेंगे और जाम से मुक्ति मिलेगी।

जन्म-मृत्यु रिकॉर्ड का डिजिटलाइजेशन
जन्म-मृत्यु से जुड़े दस्तावेज लेने के लिए अब आमजन को निगम के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। आठ दशक पुराने जन्म-मृत्यु के रिकॉर्ड का डिजिटलाइजेशन करने की प्रक्रिया भी नए वर्ष से शुरू हो जाएगी।

ट्रैक का विद्युतीकरण
रेलवे ने मार्च-2018 तक रेवाड़ी से हिसार तक करीब 120 किमी तक इलेक्ट्रिक लाइन का काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके बाद बीकानेर मंडल के ही सूरतगढ़ से बण्ठिडा रेल मार्ग पर भी विद्युतकरण का काम होगा। उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल के लगभग सभी स्टेशनों से इलेक्ट्रिक इंजन से ही ट्रेनों का संचालन किए जाने की योजना है।

घर-घर कचरा संग्रहण
स्वच्छ भारत अभियान के तहत शहर के सभी साठ वार्डों में घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था पर मुहर लग सकती है। फिलहाल कई स्वयंसेवी संस्थाएं विभिन्न वार्डों में कचरा संग्रहण का कार्य कर रही है।

Published on: