बीकानेर

सरेआम चाकू से गोदकर युवक की हत्या, आरोपी फरार

धीरदेसर चोटियान गांव में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हत्यारा मौके से फरार हो गया।
2 min read
• •
Updated: 24 Dec 2017, 8:56 AM IST
Feature image

श्रीडूंगरगढ़. धीरदेसर चोटियान गांव में शनिवार को एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद
हत्यारा मौके से फरार हो गया। हत्या की वजह अभी तक पता नहीं चली है। थानाधिकारी विष्णुदत्त बिश्नोई ने बताया कि गांव के मूलाराम जाट ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई सांवरमल जाट (35) सुबह गणेशाराम के घर गया।

वहां गांव के ही भगवानाराम नाई ने सांवरमल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी घटना स्थल से फरार हो गया। हमले में घायल सांवरमल को गम्भीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। जहां चिक्त्सिकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

वारदात की सूचना मिलने पर थानाधिकारी ने मौके पर पहुंचे और आरोपित भगवानाराम की तलाश शुरू की। थानाधिकारी ने बताया कि हत्या का अभी तक कोई पुख्ता कारण पता नहीं चला है। चिकित्सकों की हड़ताल के चलते शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। शव को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भेजा गया है।

फोन करने से मना करने पर मारपीट
महाजन. रामबाग उपस्वास्थ्य केन्द्र में कार्यरत एएनएम ने रात में फोन करने से मना करने पर आरोपित की ओर से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार एएनएम के पति अनिल कुमार ने मामला दर्ज करवाया कि उसकी पत्नी के मोबाइल पर कई दिनों से रात को खालसा होटल का संचालक जस्सी फोन कर परेशान कर रहा था।

गत 20 दिसम्बर की रात करीब एक बजे फोन आया तो उसे फोन करने से मना किया। तब आरोपी गाली-गलौच करने लगा और सुबह देख लेने की धमकी दी। बाद में २१ दिसम्बर को सुबह आरोपी जस्सी तीन-चार लोगों के साथ उपकेन्द्र्र में आया और फोन की बात को लेकर परिवादी के साथ चाकू, लाठी आदि से मारपीट की।

दुकान के आगे से स्कूटर चोरी
बीकानेर. रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक दुकान के आगे से शनिवार को एक स्कूटर चोरी हो गया। इस संबंध में जेलवेल रोड स्थित विक्रम सोनी ने कोटगेट थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। सोनी ने बताया कि वह स्टेशन रोड स्थित पान की दुकान से पान खाकर लौटा तो उसका स्कूटर गायब था।

पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ज्ञात हो कि शहर में वाहन चोरी की वारदात दिनों-दिन बढ़ रही हैं। हालांकि पुलिस ने कुछ आरोपितों को गिरफ्तार भी किया है, इसके बावजूद वारदातों पर अंकुश नहीं लग रहा है।

Published on: